कुरनूल में बोलेरो और लॉरी की टक्कर, 8 तीर्थयात्रियों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख
Sandesh Wahak Digital Desk: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। मंत्रालयम मंडल के चिलकलडोना इलाके के पास एक बोलेरो गाड़ी और लॉरी की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से 12 लोग घायल हो गए।
सभी मृतक और घायल कर्नाटक के तीर्थयात्री बताए जा रहे हैं। वे मंत्रालयम मंदिर के दर्शन करने आए थे और वापस लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को एम्मिगनूर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि (PMNRF) देने की घोषणा की है। पीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दुख जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

