Kushinagar News: ‘फार्मर रजिस्ट्री’ नहीं कराई तो रुक जाएगी यूरिया और सरकारी मदद, डीएम ने दी अंतिम चेतावनी
Kushinagar News: जनपद के किसानों के लिए जिला प्रशासन ने बेहद महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्पष्ट किया है कि केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं, विशेषकर उर्वरक (यूरिया) की सब्सिडी का लाभ अब केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनकी ‘फार्मर रजिस्ट्री’ पूर्ण होगी। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित ‘किसान दिवस’ की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने राजस्व और कृषि विभाग को इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

2.26 लाख किसान रडार पर: यूरिया से हो सकते हैं वंचित
उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में कुल लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 4,20,000 किसानों की रजिस्ट्री हो चुकी है, लेकिन अभी भी 2,26,000 किसान शेष हैं। रजिस्ट्री होने के बाद किसानों का डेटा सीधे भूमि रिकॉर्ड पोर्टल से जुड़ जाएगा। इसके बाद किसानों को केसीसी (KCC), उर्वरक, फसल बीमा के लिए बार-बार खतौनी नहीं देनी पड़ेगी। डीएम ने कहा कि जिन किसानों के नाम खतौनी में विसंगति के कारण रजिस्ट्री नहीं हो पा रही, वे तत्काल तहसील स्तर पर संशोधन कराएं।
गड़ौरा चीनी मिल को नोटिस: गन्ना भुगतान में देरी पर सख्त डीएम
बैठक में किसानों ने गड़ौरा चीनी मिल द्वारा गन्ना भुगतान लंबित होने और चकमार्गों पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत की। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिया कि मिल के विरुद्ध तत्काल नोटिस जारी कर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, खराब इंडिया मार्का हैंडपंपों को जल्द रिबोर कराने के आदेश दिए गए।

सावधानी की अपील: रीपर मशीन और आगजनी से बचाव
फसल कटाई के सीजन को देखते हुए डीएम ने किसानों से अपील की कि वे भूसा बनाने वाली मशीन (रीपर) का प्रयोग सावधानी से करें। आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें ताकि मेहनत की कमाई सुरक्षित रहे।

मिशन शक्ति (फेज-05): 40 उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान, डीएम-एसपी ने सुनीं छात्राओं की ‘हक की बात’
नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति के अंतर्गत विकास भवन सभागार में भव्य “अनंता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। राज्य पिछड़ा वर्ग सदस्य फूलबदन कुशवाहा की अध्यक्षता और डीएम महेंद्र सिंह तंवर व एसपी केशव कुमार की मौजूदगी में समाज के विभिन्न क्षेत्रों (शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, पुलिस) में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 40 महिलाओं को अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
“हक की बात जिलाधिकारी के साथ” सत्र में छात्राओं ने अधिकारियों से अपने अधिकारों और करियर को लेकर सवाल पूछे, जिनका डीएम और एसपी ने विस्तार से उत्तर दिया। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के पंपलेट वितरित किए गए और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। छात्राओं को लक्ष्य प्राप्ति हेतु मार्गदर्शन प्रदान करते हुए उन्हें उनके कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया गया।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: पडरौना: सदर विधायक ने 17 छात्राओं को बांटी साइकिल, बोले- शिक्षित बेटियां ही विकसित भारत का आधार

