UP Politics: महिला आरक्षण पर बसपा का रुख साफ, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दी सख्त हिदायत

Sandesh Wahak Digital Desk: महिला आरक्षण बिल को लेकर उत्तर प्रदेश में जारी राजनीतिक उठापटक के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपनी पार्टी का रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। बुधवार को दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि महिला आरक्षण पर बसपा का स्टैंड पहले जैसा ही अडिग है।

“15 अप्रैल वाले स्टैंड पर कायम है बसपा”

बसपा सुप्रीमो ने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण के समर्थन और शर्तों को लेकर पार्टी का जो रुख 15 अप्रैल को था, उसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्टी की कैडर बैठकों में कार्यकर्ताओं को सही जानकारी दी जाए ताकि वे अन्य दलों के बहकावे में न आएं। उन्होंने आगाह किया कि बसपा के अनुशासन के मुताबिक, इस मुद्दे पर किसी भी तरह का धरना-प्रदर्शन या आंदोलन नहीं करना है। कार्यकर्ताओं को विवादों से दूर रहकर केवल संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

विकास का ‘बसपा मॉडल’: नोएडा एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे की याद दिलाई

मायावती ने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का निर्देश देते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में आज जितने भी एक्सप्रेसवे और नोएडा (जेवर) एयरपोर्ट बन रहे हैं, उनकी नींव और विस्तृत योजना बसपा सरकार के दौरान ही तैयार की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि उस समय केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने अपनी “जातिवादी मानसिकता” के चलते अड़ंगे न लगाए होते, तो ये विकास कार्य बहुत पहले पूरे हो गए होते।

चुनावी तैयारियों के लिए ‘मास्टर प्लान’

31 मार्च को लखनऊ में हुई बैठक का हवाला देते हुए मायावती ने कहा कि पार्टी का जनाधार बढ़ाने और आर्थिक मजबूती के लिए दिए गए दिशा-निर्देशों पर पूरी निष्ठा से अमल किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर बसपा शासनकाल में हुए जनहित के कार्यों का प्रचार करें।

Also Read: Lucknow News: घंटाघर के पास कबाड़ की दुकान में भीषण आग से मची अफरा-तफरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.