Lucknow News: घंटाघर के पास कबाड़ की दुकान में भीषण आग से मची अफरा-तफरी
Lucknow News: राजधानी के ऐतिहासिक चौक इलाके में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब घंटाघर के पास स्थित एक कबाड़ की दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार इतना विशाल था कि वह एक किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आ रहा था। इस हादसे में करीब 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
आग की सूचना सुबह करीब 9:20 बजे चौक फायर स्टेशन को मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। चौक स्टेशन से 3 गाड़ियां और हजरतगंज स्टेशन से एक बड़ा वाटर बाउजर (22 हजार लीटर क्षमता) मौके पर भेजा गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया जा सका। दमकल कर्मियों की सूझबूझ से बगल में स्थित पावर हाउस के ट्रांसफार्मर, प्राइवेट बसें, एक पिकअप वैन और अन्य दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
आग डालीगंज निवासी मिराज की कबाड़ दुकान में लगी थी। दुकान में रखा लाखों का कबाड़ और वहां खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई। कुल नुकसान 25 लाख रुपये के आसपास बताया जा रहा है। हालांकि आग लगने की सटीक वजह की जांच जारी है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
Also Read: Aligarh News: भाजपा नेता के पिता की निर्मम हत्या, निर्माणाधीन मकान में मिला शव

