क्लास में खर्राटे लेते रहे मास्टर, बच्चे चलाते रहे मोबाइल, कन्नौज के सरकारी स्कूल का Video Viral
Kannauj News: सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। उत्तर प्रदेश के कन्नौज (Kannauj) जिले के एक कंपोजिट विद्यालय का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो (Viral Video) में हेड शिक्षक क्लास के दौरान सोते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि कक्षा में मौजूद बच्चे मोबाइल चलाने में व्यस्त नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि बच्चों के हाथ में दिख रहा मोबाइल शिक्षक का ही है।
जानकारी के मुताबिक मामला उमर्दा ब्लॉक के शिकरौरी गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय का है। यहां हेड शिक्षक जितेंद्र मिश्रा पढ़ाने के लिए कक्षा में पहुंचे थे। इसी दौरान वह क्लासरूम में ही लेट गए और गहरी नींद में सो गए।
शिक्षक के सोते ही कुछ बच्चे मोबाइल चलाने लगे। वायरल वीडियो में भी बच्चे मोबाइल देखते दिखाई दे रहे हैं, जबकि शिक्षक पास में आराम करते नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सरकारी स्कूलों की पढ़ाई और अनुशासन को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए। हालांकि, इस मामले में शिक्षा विभाग की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन चेहल्लुम की छुट्टी होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।
वहीं, हेड शिक्षक जितेंद्र मिश्रा से संपर्क किए जाने पर उन्होंने कैमरे पर आने से इनकार कर दिया। फोन पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि विभागीय परिस्थितियों के कारण वह खुलकर कुछ नहीं कह सकते। हालांकि वायरल वीडियो और उसमें किए जा रहे दावों पर उन्होंने कोई विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी। अब मामले में शिक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

