Chandauli News: 1.28 करोड़ के GST घोटाले की शिकायत पर बवाल, ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप
Chandauli News: जनपद के सकलडीहा ग्राम पंचायत में करोड़ों के वित्तीय गबन का मामला अब जानलेवा मोड़ ले चुका है। फर्जी जीएसटी नंबर (GSTIN) के जरिए 1.28 करोड़ रुपये के भुगतान की शिकायत करने वाले स्थानीय निवासी अरविंद कुमार ने अब पुलिस अधीक्षक से अपनी जान की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बाद से ही ग्राम प्रधान, उनके पति और सचिव उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
क्या है पूरा घोटाला?
शिकायतकर्ता अरविंद कुमार के अनुसार, सकलडीहा ग्राम पंचायत में एक ऐसी फर्म को भुगतान किया गया जिसका GSTIN (9FCYPP2400Q1ZO) 9 जनवरी 2023 को ही कैंसिल हो चुका था। कैंसिल जीएसटी नंबर पर कुल 1,27,85,559/- रुपये का फर्जी भुगतान दिखाया गया है। पीड़ित ने 13 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी और पंचायती राज निदेशालय लखनऊ में इसकी शिकायत की थी, जिसके बाद डीपीआरओ चंदौली को जांच के निर्देश दिए गए।
“लेटर डालना छोड़ दो, वरना बचोगे नहीं”
अरविंद कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 26 फरवरी 2026 को जब सकलडीहा पंचायत भवन में जांच बैठक चल रही थी, तभी ग्राम प्रधान के पति राजेश सेठ ने उन्हें बाहर बुलाया। आरोप है कि राजेश सेठ ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा, “लेटर डालना छोड़ दो, नहीं तो दोबारा यहाँ आने लायक नहीं बचोगे।”
पीड़ित का आरोप है कि अब ग्राम प्रधान, सचिव और फर्म संचालक मिलकर उन्हें किसी बड़े षड्यंत्र में फंसाने की साजिश रच रहे हैं। अरविंद ने बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली है कि उनकी जान को गंभीर खतरा है। घोटाले की जांच को प्रभावित करने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
पीड़ित की मांगें
ग्राम प्रधान, सचिव और फर्म संचालक के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज की जाए।
पीड़ित और उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए।
1.28 करोड़ के फर्जी भुगतान की जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी कराई जाए।
Also Read: दारोगा की बारात निकलने से पहले पहुंचा प्रेमी, फिर उसी मंडप में रचाई प्रेमिका से शादी

