मल्लिकार्जुन खरगे की पीएम मोदी पर बिगड़े बोल, बीजेपी ने किया तीखा पलटवार
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस एकबार फिर विवादों में आ गई है। तमिलनाडु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के विवादित बयान देने से सियासत गरमा गई है। दरअसल खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आतंकवादी शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे करोड़ों देशवासियों का अपमान बताया है।
तमिलनाडु में एआईएडीएमके (AIADMK) और बीजेपी के गठबंधन पर सवाल उठाते हुए खरगे ने कहा था, ये AIADMK के लोग अन्नादुरई की फोटो लगाते हैं, वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह (मोदी) एक आतंकवादी हैं। उनकी पार्टी न्याय में विश्वास नहीं करती। विवाद बढ़ता देख खरगे ने तुरंत सफाई देते हुए कहा, मेरा मतलब यह नहीं था कि वे आतंकवादी हैं। मेरा मतलब है कि वे लोगों और विपक्षी दलों को आतंकित (डराते) करते हैं। उन्होंने आगे जोड़ा कि ईडी (ED), आईटी (IT) और सीबीआई (CBI) के जरिए मोदी सरकार विरोधियों को डराने और लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रही है।
संबित पात्रा का तीखा प्रहार
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने दिल्ली में मोर्चा संभालते हुए कांग्रेस पर चौतरफा हमला बोला। उन्होंने कहा, यह जुबान फिसलने का मामला नहीं है। राहुल गांधी के इशारे पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि यह वही कांग्रेस है जो जाकिर नाइक को शांतिदूत और ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी कहती है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री को आतंकवादी बता रही है। उन्होंने याद दिलाया कि जब भी पीएम मोदी को नीचा दिखाने की कोशिश हुई है, देश की जनता ने चुनावों में कांग्रेस को कड़ी सजा दी है।
Also Read: Chandauli News: 1.28 करोड़ के GST घोटाले की शिकायत पर बवाल, ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप

