Aligarh News: भाजपा नेता के पिता की निर्मम हत्या, निर्माणाधीन मकान में मिला शव
Aligarh News: जनपद के क्वार्सी थाना क्षेत्र के चिल्कौरा नगरिया गांव में मंगलवार को मानवता को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) के मंडल मंत्री पंकज राजपूत के पिता और पेट्रोल पंप संचालक नरोत्तम सिंह (55) की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मृतक के मुंह में कागज ठूंस दिया और उनकी आंखें तक फोड़ डालीं।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे नरोत्तम अपनी पत्नी के साथ खेत पर काम कर रहे थे। तभी उनका परिचित पड़ोसी कन्हैया वहां पहुंचा और स्कूटी से चिल्कौरा तक छोड़ने की बात कही। नरोत्तम उसे छोड़ने चले गए, लेकिन वापस नहीं लौटे। शाम को जब परिजनों ने खोजबीन की और कन्हैया के निर्माणाधीन मकान का ताला खुलवाया, तो अंदर नरोत्तम का खून से लथपथ शव देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
वारदात की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़ गए। करीब दो घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद, एसएसपी के आश्वासन और मुख्य आरोपी के दो भाइयों को हिरासत में लिए जाने के बाद लोग शांत हुए।
एसएसपी नीरज जादौन ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके से नमूने लिए हैं। मुख्य आरोपी कन्हैया फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं। उसके दो भाइयों से पूछताछ जारी है। पुलिस अभी तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि एक परिचित ने इतनी क्रूरता के साथ हत्या क्यों की। प्रारंभिक तौर पर इसे किसी पुराने विवाद या रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
Also Read: मालेगांव बम धमाका: बॉम्बे हाई कोर्ट ने सभी 4 आरोपियों को किया बरी

