ममता बनर्जी के दफ्तर पहुंची CID, टीएमसी नेता से तीखी बहस के बाद बैरंग लौटे अधिकारी
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की राजनीति में मंगलवार को उस वक्त भारी ड्रामा देखने को मिला, जब राज्य पुलिस के आपराधिक जांच विभाग (CID) की एक टीम कोलकाता के कालीघाट स्थित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के मुख्य कार्यालय पर छापेमारी के लिए पहुंच गई। यह दफ्तर राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के बेहद करीब स्थित है। हालांकि, सीआईडी की टीम जैसे ही दफ्तर के भीतर दाखिल होने लगी, टीएमसी के पूर्व राज्यसभा सांसद सुभाषिश चक्रवर्ती ने उन्हें मुख्य प्रवेश द्वार पर ही रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई।
सीआईडी अधिकारियों द्वारा कानूनी प्रावधानों और अदालती आदेशों का हवाला दिए जाने के बावजूद टीएमसी नेता सुभाषिश चक्रवर्ती अपनी बात पर अड़े रहे। उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा कि चूंकि पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी इस समय कोलकाता में मौजूद नहीं हैं, इसलिए वे जांच टीम को परिसर के अंदर कदम नहीं रखने देंगे।
जब एक सीआईडी अधिकारी ने उनसे सीधे पूछा, क्या आप एक सरकारी अधिकारी को उसकी ड्यूटी करने से रोक रहे हैं?, तो चक्रवर्ती ने सफाई देते हुए कहा, मैं आपको रोक नहीं रहा हूं। इस दफ्तर का प्रभार स्वेच्छा से मेरे पास है, इसलिए मैं सिर्फ आपको अपनी स्थिति से अवगत करा रहा हूं कि मैं बिना अनुमति के आपको अंदर क्यों नहीं जाने दे सकता।
अभिषेक बनर्जी को जारी हुआ था तीसरा नोटिस
यह पूरी कार्रवाई टीएमसी के कद्दावर नेता अभिषेक बनर्जी को जारी सीआईडी के समन से जुड़ी हुई है। दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के लिए आरक्षित पदों से जुड़े एक प्रस्ताव में टीएमसी विधायकों के हस्ताक्षरों के मिलान में हुई गड़बड़ी के मामले में अभिषेक बनर्जी को मंगलवार शाम 5 बजे तक भवानी भवन स्थित सीआईडी दफ्तर में पेश होना था। इस मामले में जांच एजेंसी द्वारा उन्हें भेजा गया यह लगातार तीसरा नोटिस था।
खबरों के मुताबिक, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी इस समय नई दिल्ली में हैं, जहां उन्होंने सोमवार को विपक्षी इंडिया गठबंधन की एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया था। मौके पर तनाव को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान भी तैनात कर दिए गए हैं और सीआईडी के अधिकारी मुख्यालय से अगले आदेश का इंतजार कर रहे हैं।
Also Read: Bareilly News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर कौशल प्रदर्शनी व संगोष्ठी का हुआ आयोजन

