अंबेडकर जयंती पर CM योगी बोले- दलितों और वंचितों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहा विपक्ष
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर दलितों और वंचितों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ स्वार्थी ताकतें केवल अपने राजनीतिक हितों के लिए बाबा साहेब के नाम का इस्तेमाल कर रही हैं।
‘नफरत करने वाले आज थमा रहे हैं झुनझुना’
मुख्यमंत्री ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों को दलितों, वंचितों, गरीबों और महिलाओं से हमेशा नफरत रही, वही आज उन्हें ‘झुनझुना’ पकड़ाकर गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा “जो लोग चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए, उन्होंने कभी गरीबों की पीड़ा नहीं समझी। आज वे केवल घड़ियाली आंसू बहाकर बहुजन समाज का वोट हथियाना चाहते हैं।”
संस्थानों और जिलों के नाम बदलने पर घेरा
सीएम योगी ने इतिहास के पन्नों को पलटते हुए विपक्षी सरकारों के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा बाबा साहेब और सद्गुरु रविदास महाराज के नाम पर बने जिलों के नाम किसने बदले? लखनऊ के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान KGMU, भाषा विश्वविद्यालय और कन्नौज मेडिकल कॉलेज के नाम से महापुरुषों की पहचान मिटाने की कोशिश क्यों की गई? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने हमेशा सामाजिक न्याय के पुरोधाओं का अपमान किया और दलितों को मिलने वाले जमीन के पट्टों तक पर ‘डकैती’ डालने का काम किया।
सामाजिक न्याय के लिए सरकार की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार बाबा साहेब के ‘अंत्योदय’ के सपने को सच कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के हर गरीब और वंचित को आवास, शौचालय और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जो कि सही अर्थों में सामाजिक न्याय है।
Also Read: Lucknow News: ‘साड़ी गैंग’ की टप्पेबाजी का खुला राज, तरकीब देख पुलिस भी दंग, 3 महिलाएं गिरफ्तार

