जनता दर्शन में सीएम योगी बोले- इलाज के लिए धन की कमी नहीं होने देंगे, जरूरतमंदों को आवास का भी दिया भरोसा
Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में अपनी परंपरा को जारी रखते हुए जनता दर्शन के माध्यम से आम लोगों की फरियाद सुनी। इस दौरान उन्होंने न केवल लोगों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया, बल्कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों और बेघर लोगों को एक आत्मीय संबल भी प्रदान किया।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर कुर्सियों पर बैठे करीब 100 फरियादियों के पास मुख्यमंत्री खुद चलकर पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर सभी के प्रार्थना पत्र लिए और मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। सीएम ने कहा, जनता की समस्याओं का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर संतुष्टिपरक और निष्पक्ष होना चाहिए। किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए। पुलिस से जुड़े मामलों में उन्होंने अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बीमारी के इलाज में आड़े नहीं आएगा पैसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि पैसे के अभाव में किसी का भी इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अस्पताल से इलाज का इस्टीमेट (Estimate) जल्द से जल्द तैयार करवाकर शासन को भेजें, ताकि समय पर आर्थिक मदद पहुंचाई जा सके।

बेघरों को मिलेगा अपना आशियाना
मुलाकात के दौरान जब एक महिला ने अपनी आवास की समस्या बताई, तो मुख्यमंत्री ने तत्काल उसे आश्वस्त किया कि सरकारी आवास योजना के तहत उसे घर दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार हर गरीब और जरूरतमंद को छत मुहैया कराने के लिए संकल्पित है।
हमेशा की तरह सीएम योगी का एक कोमल पक्ष भी देखने को मिला। जनता दर्शन में महिलाओं के साथ आए छोटे बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री मुस्कुराए बिना नहीं रह सके। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट बांटी और उन्हें खूब मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

