Siddharthnagar News: सरस्वती शिशु मंदिर में शुरू हुई कंप्यूटर शिक्षा की सुविधा
Siddharthnagar News: शहर के तेतरी बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में मंगलवार को विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में कंप्यूटर लैब की शुरुआत की गई। नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविंद माधव ने फीता काटकर कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया। लैब में 10 कंप्यूटर सेट लगाए गए हैं, जिससे एक साथ 10 विद्यार्थी कंप्यूटर पर अध्ययन एवं अभ्यास कर सकेंगे।
उद्घाटन के दौरान नपा अध्यक्ष गोविंद माधव ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा विद्यार्थियों की पढ़ाई का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। तकनीकी ज्ञान के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलते हैं। विद्यालय में कंप्यूटर लैब की सुविधा शुरू होने से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ तकनीकी शिक्षा का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।

विद्यालय के कंप्यूटर कक्ष में गर्मी को देखते हुए नपा अध्यक्ष ने एक एसी लगवाने की घोषणा भी की। इससे विद्यार्थियों को कंप्यूटर पर अध्ययन के दौरान सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा। विद्यालय प्रबंधन की ओर से कंप्यूटर शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई इस पहल का स्वागत किया गया।
प्रधानाचार्य राम प्रकाश त्रिपाठी की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य गिरीश चंद्र मिश्रा, राणा प्रताप सिंह, विजय पांडेय, अमित श्रीवास्तव, राकेश पांडेय, अभिषेक श्रीवास्तव, विजय जायसवाल, अखिलेश गुप्ता, जतिन चौबे, शुभम सिंह माधव, अतुल रंजन, आचार्य महर्षि सुतीक्षण शुक्ला, विंदेश्वर मिश्रा, सूरज कुमार सिंह, निधि द्विवेदी, वीरेंद्र तिवारी, राज लक्ष्मी आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: BJP ने 36 राज्यों के लिए प्रभारियों और सह-प्रभारियों का किया ऐलान, चुनाव वाले राज्यों पर विशेष फोकस

