लखनऊ में जाली नोटों के रैकेट का पर्दाफाश, 2 सगे भाई गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जाली सिक्कों का मामला सामने आने के बाद अलर्ट हुई सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को लखनऊ में बड़ी सफलता मिली है। राजधानी के नाका हिंडोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली नोटों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए दो सगे भाइयों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित झोपड़पट्टी इलाके से दबोचे गए, जिनके पास से 30,000 रुपये मूल्य के नकली नोट और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

दिल्ली में बैठा मास्टरमाइंड तय करता था डिलीवरी

नाका हिंडोला थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी के अनुसार, मुखबिर की सटीक सूचना पर दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी कर 24 वर्षीय मोहम्मद मुस्तकीम और 26 वर्षीय मोहम्मद सुलेमान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड उनका चचेरा भाई हारून है, जो दिल्ली में बैठकर यह गिरोह चलाता है। हारून ही दिल्ली से लखनऊ तक नकली नोटों की खेप भिजवाता था, ग्राहक तलाशता था और डिलीवरी का वक्त व स्थान तय करता था।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने काम करने के शातिराना तरीके का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे कभी भी खरीदार से सीधा संपर्क नहीं करते थे। डिलीवरी के समय हारून उन्हें वॉट्सऐप पर लोकेशन और ग्राहक की शर्ट का रंग बताता था। बताए गए स्थान पर पहुंचकर उसी रंग के कपड़े पहने व्यक्ति को जाली नोट सौंपकर असली कैश ले लिया जाता था। वे 1 लाख रुपये के असली नोट के बदले 2.5 लाख रुपये के जाली नोटों की खेप सप्लाई करते थे।

ऑनलाइन ट्रांसफर से दिल्ली पहुंचता था पैसा

आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे असली रकम में से अपना कमीशन काटकर बाकी पूरा पैसा ऑनलाइन माध्यम से दिल्ली में बैठे हारून को भेज देते थे। यह गैंग हर हफ्ते लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में जाली नोटों की खेप खपाने का काम दो बार करता था। फिलहाल पुलिस दिल्ली में बैठे मुख्य आरोपी हारून की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Also Read: लखनऊ में 75 जिलों की आशा वर्कर्स का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम के आवास का किया घेराव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.