लखनऊ में पत्नी को पिस्टल दिखाते समय गलती से दबा ट्रिगर, कनपटी में लगी गोली, हुई मौत
Lucknow News: लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की रात एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। महिपाल खेड़ा, सरसवां निवासी यशार्थ शरण यादव (29) प्राइवेट नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार, वह रात करीब 11 बजे घर पहुंचा था। उसके पास अवैध पिस्टल थी। पत्नी ज्योति भी उस समय घर में मौजूद थीं।
पत्नी को पिस्टल दिखाते समय दबा दिया ट्रिगर
पुलिस के मुताबिक, यशार्थ अपनी पत्नी को पिस्टल दिखा रहा था। इसी दौरान उसकी मैगजीन नीचे गिर गई। पिस्टल में एक कारतूस फंसा रह गया था। यशार्थ ने पिस्टल अपनी कनपटी पर लगाई और कहा कि मैगजीन निकल गई है, इसलिए अब कुछ नहीं होगा। इसके बाद उसने ट्रिगर दबा दिया।
गोली कनपटी में लगने से यशार्थ गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तुरंत उसे हजरतगंज स्थित सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आठ साल पहले भाई की भी हुई थी मौत
परिवार ने बताया कि करीब आठ साल पहले यशार्थ के भाई सत्यार्थ शरण की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह दोस्तों के साथ बालाजी दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में तीन युवकों की जान गई थी। यशार्थ के पिता शिव शंकर शरण बिजली विभाग में कर्मचारी हैं। मां का नाम मीरा यादव है। परिवार में एक बड़ी बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। घटना के समय घर में दादी रामकली, माता-पिता और चाचा-चाची मौजूद थे।
Also Read: लखनऊ में जाली नोटों के रैकेट का पर्दाफाश, 2 सगे भाई गिरफ्तार

