CWC 2026 में भारत का धमाल, गावित ने जीता गोल्ड तो श्रीशंकर ने नाम फिर से सिल्वर, बॉक्सिंग में भी 10 मेडल पक्के

Commonwealth Games 2026: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स (CWC) 2026 में बुधवार का दिन भारत के लिए शानदार उपलब्धियों से भरा रहा। एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स और बॉक्सिंग तीनों ही खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। पैरा एथलेटिक्स में दिलीप महादू गावित ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया, जबकि स्टार लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर ने लगातार दूसरे कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतकर नया रिकॉर्ड बना दिया। वहीं भारतीय मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम 10 पदक पक्के कर लिए हैं।

श्रीशंकर ने फिर दिखाया दम, लगातार दूसरा सिल्वर

27 वर्षीय मुरली श्रीशंकर ने पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में 8.09 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में लगातार दो बार लॉन्ग जंप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। इससे पहले उन्होंने 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी रजत पदक जीता था।

इस स्पर्धा में जमैका के ताजे गेल ने 8.15 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता, जबकि स्कॉटलैंड के स्टीफन मैकेंजी 8.08 मीटर के साथ ब्रॉन्ज जीतने में सफल रहे। भारत के दूसरे खिलाड़ी लोकेश सत्यनाथन 7.97 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

दिलीप गावित ने रचा इतिहास, भारत का ‘वन-टू’ फिनिश

पैरा एथलेटिक्स की पुरुष 100 मीटर T47 स्पर्धा में भारत ने इतिहास रच दिया। दिलीप महादू गावित ने 10.71 सेकेंड का नया गेम रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं भारत के ही मोहम्मद बासिल मोरसिंगानकथ ने 10.83 सेकेंड का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता। इस स्पर्धा में भारत का गोल्ड और सिल्वर दोनों पर कब्जा रहा।

यह ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का तीसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू और पैरा शॉटपुट F57 में शर्मिला ढाका भारत को स्वर्ण पदक दिला चुकी हैं। अब तक भारत के खाते में कुल 15 मेडल (3 गोल्ड, 9 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज) आ चुके हैं और टीम पदक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई है।

बॉक्सिंग में रिकॉर्ड प्रदर्शन, 10 मेडल हुए तय

भारतीय मुक्केबाजों ने भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए देश के लिए कम से कम 10 पदक सुनिश्चित कर दिए हैं। साक्षी चौधरी (51 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), अंकुश पंघाल (80 किग्रा), नरेंद्र बरवाल (+90 किग्रा) और विश्व चैंपियन जैस्मिन लाम्बोरिया (57 किग्रा) ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

इनसे पहले लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा) और जादुमणि सिंह (55 किग्रा) भी अंतिम चार में पहुंच चुकी थीं। इसके साथ ही भारत ने बर्मिंघम 2022 में बॉक्सिंग में जीते कुल सात पदकों के अपने पिछले प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है।

एथलेटिक्स में भी बढ़ीं उम्मीदें

  • यशस पालाक्ष और संथोष के. तमिलारासन ने पुरुष 400 मीटर हर्डल्स के फाइनल में जगह बनाई।
  • राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल पुरुष शॉटपुट के फाइनल में पहुंच गए।
  • अनिमेष कुजूर ने 200 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
  • महिला शॉटपुट में मनप्रीत सिंह चौथे स्थान पर रहीं और पदक से मामूली अंतर से चूक गईं।

Also Read: Commonwealth Games 2026: भारतीय सेना के नायब सूबेदार सर्वेश कुशारे ने रचा इतिहास, हाई जंप में जीता सिल्वर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.