Siddharthnagar News: कपिलवस्तु विकास परियोजना में सुस्ती देख भड़के जिलाधिकारी, कार्यदायी संस्था को चेतावनी

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने वाली सरकारी योजनाओं की सुस्त रफ्तार पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मंगलवार को पर्यटन विभाग की बेहद महत्वाकांक्षी परियोजना कपिलवस्तु का समेकित विकास के अंतर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान तय समय सीमा बीत जाने के बावजूद काम अधूरा मिलने और विकास कार्यों की प्रगति बेहद असंतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने काम में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

डीएम ने दिए गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि इस पूरी परियोजना का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। इस पर डीएम ने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि मानव श्रम और संसाधनों को बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने साफ किया कि समयबद्धता के साथ-साथ काम की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कपिलवस्तु विकास परियोजना में सुस्ती देख भड़के जिलाधिकारी

निर्माणाधीन विपश्यना केंद्र और पार्क का लिया जायजा

समेकित विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी निर्माणाधीन विपश्यना केंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने मुख्य मेडिटेशन ब्लॉक, टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर, एडमिन ब्लॉक, मेस ब्लॉक, पुरुष व महिला आवासीय परिसर, गार्ड रूम और सब स्टेशन रूम सहित पूरी संरचना का बारीक जायजा लिया। उन्होंने परियोजना प्रबंधक (यूपीपीसीएल) आशुतोष उपाध्याय और अन्य विभागीय अभियंताओं को कड़े निर्देश दिए कि सभी बचे हुए काम हर हाल में तय डेडलाइन के भीतर पूरे हो जाने चाहिए।

इसके बाद उन्होंने विपश्यना पार्क का भी रुख किया। पार्क के हालातों को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को इसे जल्द से जल्द पूरी तरह क्रियाशील करने को कहा ताकि आम जनता और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इसका लाभ उठा सकें। जिलाधिकारी ने दोहराया कि कपिलवस्तु का एक ऐतिहासिक और वैश्विक पर्यटन महत्व है, इसलिए इससे जुड़े प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करना प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: सिद्धार्थनगर दीवानी न्यायालय में राजगुरु-सुखदेव सभागार का शिलान्यास, विधायक श्यामधनी राही ने रखी आधारशिला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.