विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने पर पवन सिंह बोले- भाजपा मेरी मां

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी ने आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और गायक पवन सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। टिकट मिलने के बाद शनिवार को पवन सिंह पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी और सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की।

नेताओं से मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए पवन सिंह भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, भाजपा मेरी मां है और मैं पार्टी का एक सच्चा सेवक हूँ। मैं आजीवन भाजपा में ही रहूँगा, क्योंकि कोई भी अपनी मां से दूर नहीं रह सकता। विधान परिषद का टिकट देने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संजय सरावगी का धन्यवाद किया।

एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में पवन सिंह ने बिहार की जनता को नमन किया और वादा किया कि संगठन ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे।

चुनावी मेहनत का मिला इनाम

गौरतलब है कि 5 जून को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के हस्ताक्षर से आगामी विधान परिषद चुनाव के लिए 4 उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी की गई थी। इस सूची में पवन सिंह का नाम शामिल होने के बाद से बिहार के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पवन सिंह को यह जिम्मेदारी साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उनके द्वारा किए गए अथक परिश्रम के बदले मिली है। विधानसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह ने एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में जमकर प्रचार किया था। पीएम मोदी और तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर गाया उनका एक चुनावी गीत सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसने एनडीए की सत्ता में वापसी के लिए माहौल बनाने का काम किया था।

Also Read: Bareilly News: मनौना धाम पर दुकान से मोबाइल चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, सामान बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.