Bareilly News: बहेड़ी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, बाइक व मोबाइल लूटने वाले 2 शातिर अपराधी गिरफ्तार

Bareilly News: जनपद की बहेड़ी थाना पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक गिरने के कारण चोटिल हुआ है। पकड़े गए बदमाशों के पास से लूट की बाइक, मोबाइल और अवैध असलहा बरामद किया गया है।

बीती 4 जून, 2026 को उलेतापुर निवासी वीरपाल अपनी ससुराल से लौट रहे थे, तभी ग्राम मिनतरपुर के पास एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोककर उनकी बाइक और मोबाइल लूट लिया था। इस संबंध में थाना बहेड़ी में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लुटेरों की तलाश में जुटी थी।

चैकिंग के दौरान पुलिस पर किया फायर

13 जून की रात प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम देवीपुरा बाजार के पास चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुडिया नवी बक्श की तरफ से एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाश घबराकर गिर गए। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त करन मौर्य के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे उसके साथी ओमकार के साथ दबोच लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान करन मौर्य (22 वर्ष) और ओमकार (23 वर्ष), निवासी ग्राम पतरासी के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि पकड़ी गई बाइक वही है जो उन्होंने 4 जून को लूटी थी और पहचान छुपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट फेंक दी थी। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 तमंचे और 2 जिंदा कारतूस (315 बोर), लूट की 1 स्प्लेंडर प्लस बाइक और 1 ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने दोनों घायल अभियुक्तों को अस्पताल भेज दिया है और उनके आपराधिक इतिहास की पड़ताल की जा रही है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: RRB ने जारी की 2026 के NTPC CBT 2 की एग्जाम डेट, जानें कब जारी होगा एडमिट कार्ड?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.