बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी चुने गए विधायक दल के नेता

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की सियासत में 14 अप्रैल का दिन बेहद खास रहा। राज्य में दो दशकों से शासन कर रहे नीतीश कुमार ने आज राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा दिया। इसी के साथ बीजेपी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा समय में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। अब ऐसे में यह स्पष्ट हो गया है कि बिहार को बीजेपी का मुख्यमंत्री मिलने वाला है।

खरमास खत्म होते ही ‘सम्राट युग’ की शुरुआत

बिहार की राजनीति में लंबे समय से चल रही अटकलों पर आज विराम लग गया। नीतीश कुमार ने अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक के बाद राजभवन जाकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। नीतीश कुमार अब राज्यसभा सदस्य के रूप में अपनी नई पारी शुरू करेंगे।

विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला

पटना स्थित भाजपा कार्यालय में केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें विजय कुमार सिन्हा द्वारा प्रस्तावित सम्राट चौधरी के नाम पर सभी विधायकों ने मुहर लगा दी।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि “नीतीश कुमार ने 20 साल तक बिहार की सेवा की और जंगलराज से मुक्ति दिलाई। उनके द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों और कृषि रोड मैप को अब सम्राट चौधरी नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।”

सम्राट चौधरी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “पार्टी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उसे पूरी जिम्मेदारी से निभाऊंगा। हम नीतीश जी और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में बिहार को आगे बढ़ाएंगे।”

कल सुबह 11 बजे होगा शपथ ग्रहण

सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी कल 15 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी इस समारोह में शामिल होने की संभावना है। इस नई सरकार में नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाएं भी राजनीतिक गलियारों में जोरों पर हैं।

Also Read: Azamgarh News: 50 हजार का इनामी बदमाश आरिफ गिरफ्तार, गौकशी और गैंगेस्टर एक्ट में था वांछित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.