Chhattisgarh News: वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट, 10 मजदूरों की मौत की खबर

Sandesh Wahak Digital Desk: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक दर्दनाक हादसे में 10 मजदूरों के मौत की सूचना है। जबकि इस हादसे में 40 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद रेस्क्यू टीम राहत-बचाव कार्य में जुट गई है।

धमाके से कांपा इलाका, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार दोपहर उस वक्त हुआ जब प्लांट में काम सुचारू रूप से चल रहा था। अचानक बॉयलर में हुए भीषण विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी दहशत फैल गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर मलबे और आग की चपेट में आ गए।

राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गईं। झुलसे हुए 30-40 मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है। राहत-बचाव दल अभी भी प्लांट के भीतर तलाशी अभियान चला रहा है ताकि फंसे हुए लोगों को निकाला जा सके।

जांच के आदेश

हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन और जिला प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए विस्फोट के कारणों की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दे दिए हैं। फिलहाल, हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है क्योंकि बचाव कार्य अभी भी प्रगति पर है।

Also Read: बिहार में पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी चुने गए विधायक दल के नेता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.