Gorakhpur News: 2 दिन से सड़क पर पड़ा था हाईटेंशन तार, चपेट में आने से 10 साल के मासूम की हुई मौत

Gorakhpur News: गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करंट की चपेट में आने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसा राप्तीनगर फेज-4 के ददरखावा मोहल्ले में करीब 10 बजे हुआ। सड़क पर गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हिमराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसे बचाने पहुंचे 8 साल के बच्चे को भी करंट लग गया। वह झुलस गया।

दो दिन से सड़क पर पड़ा था तार

जानकारी के मुताबिक, झंगहा थाना क्षेत्र के राउतपार निवासी रामा यादव करीब 25 साल से ददरखावा मोहल्ले में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी आसपास के घरों में काम करती हैं। शनिवार सुबह उनका बेटा हिमराज मां से मिलने के लिए निकला था। इसी दौरान सड़क पर पड़े हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तार दो दिन से सड़क पर पड़ा था। इसकी सूचना बिजली विभाग को दिए जाने का भी दावा किया गया है। आरोप है कि इसके बावजूद बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई और तार को हटाया नहीं गया।

बिजली विभाग के हैंडिल का घेराव

हिमराज की मौत के बाद मोहल्लेवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बिजली विभाग के हैंडिल का घेराव कर हंगामा किया और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

सूचना पर एसडीएम सदर, सीओ गोरखनाथ रविकुमार सिंह और चिलुआताल, शाहपुर व गुलरिहा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम है और मोहल्ले में भी आक्रोश है।

रिपोर्ट : पंकज पांडे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.