UP विधानसभा सत्र से पहले लखनऊ में हाई अलर्ट, 5 किमी दायरे में धारा 163 लागू, ड्रोन-जुलूस पर रोक

Lucknow: आगामी विधानसभा सत्र (UP Assembly session) के मद्देनजर लखनऊ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विधानभवन के आसपास 5 किलोमीटर क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर चौबीसो घंटे निगरानी शुरू कर दी गई है।

विभिन्न राजनैतिक दलों, किसान संगठनों और अन्य प्रदर्शनकारियों द्वारा धरना-प्रदर्शन की आशंका के चलते भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है।

विधानभवन परिधि के क्षेत्र में पड़ने वाले मार्गो को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है। इसमें लालबत्ती चौराहा, बन्दरियाबाग, गोल्फ क्लब, सिविल अस्पताल, अटल चौक, नावेल्टी, आईटीएमएस, बर्लिंग्टन, सदर कैण्ट पुल, उदयगंज, अब्दुल हमीद, लालबत्ती इलाका शामिल हैं।

 

इस क्षेत्र में ट्रैक्टर, ट्रॉली, घोड़ा-बैलगाड़ी, तांगा जैसे स्लो मूविंग वाहन, आग्नेयास्त्र, ज्वलनशील पदार्थ, सिलेंडर, घातक हथियार व धरना-प्रदर्शन, जुलूस और 5 या उससे अधिक लोगों का जमावड़ा पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

इन जगहों पर नो-फ्लाइंग जोन

राजभवन, सीएम आवास, विधानभवन और सरकारी कार्यालयों के ऊपर नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया हैं । यहां ड्रोन से शूटिंग/फोटोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध। अन्य जगहों पर भी पुलिस आयुक्त/संयुक्त पुलिस आयुक्त की अनुमति के बिना ड्रोन उड़ाना मना है।

विधानसभा सत्र के दौरान सोशल मीडिया की गहन मॉनिटरिंग होगी। भ्रामक सूचना, अफवाह या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

धरने के लिए शासन नें ईको गार्डन को छोड़कर शहर में कहीं भी बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन पर रोक रहेगी। पुलिस आयुक्त/संयुक्त पुलिस आयुक्त/डीसीपी की पूर्व अनुमति के बिना जुलूस निकालना भी प्रतिबंधित रहेगा। शासन के अनुमन्य कार्यक्रमों में छूट दी जा सकेगी।

खुफिया सूचना के आधार पर ऐसे व्यक्ति या समूह जिन्हें वीवीआईपी की सुरक्षा को खतरा, हिंसा या भवन को नुकसान पहुंचाने की आशंका है, उन्हें इन भवनों के आसपास प्रवेश से रोक दिया गया है। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि विधानसभा सत्र (UP Assembly session) शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी उच्चाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।

Also Read: मानसून सत्र में योगी सरकार को घेरेगी सपा, अखिलेश बोले- 10 वर्षों में बंद हुए 26 हजार से ज्यादा स्कूल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.