Siddharthnagar News: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी, सम्मान समारोह में बांटे गए नियुक्ति पत्र

Siddharthnagar News: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, मेधावी बच्चों तथा पोषण, शिक्षा एवं महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधीक्षिकाओं के सम्मान एवं नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनपद अयोध्या से किया गया, जिसका लाइव प्रसारण सिद्धार्थनगर के लोहिया कला भवन में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने देखा।

कार्यक्रम में विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने विधायक श्यामधनी राही का बुके देकर स्वागत किया, जबकि मुख्य विकास अधिकारी ने भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या का स्वागत किया।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी

विधायक ने सीएम योगी का जताया आभार

इस दौरान विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि कर महत्वपूर्ण उपहार दिया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि पूर्वांचल में इंसेफलाइटिस की समस्या से निपटने के लिए गोरखपुर में एम्स का निर्माण कराकर लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 4 हजार रुपये बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 2 हजार रुपये बढ़ाकर 6 हजार रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से बच्चों के बेहतर लालन-पालन और पोषण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी

सिद्धार्थनगर को बेहतर बनाने का आह्वान

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि मानदेय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत काफी कार्य कराए गए हैं तथा सीएसआर के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों का विकास किया जा रहा है। जनपद के सभी टीएचआर प्लांट संचालित हैं और समय से पोषाहार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सभी से मिलकर सिद्धार्थनगर को पोषण की दृष्टि से बेहतर बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही सामान्य पोषण स्थिति प्राप्त करने वाले बच्चों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सांसद डुमरियागंज प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल, पीडी अनिल कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Prayagraj News: महिला मित्र के साथ रात में होटल पहुंचा फाइनेंस कंपनी का मैनेजर, सुबह कमरे में मिली लाश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.