Hyderabad: पिता ने नहीं दी पेंशन तो हत्या कर बाल्टी में भरे शव के टुकड़े, भाई-बहन को फांसी की सजा

Hyderabad Crime News: हैदराबाद में पेंशन और संपत्ति की लालच में अपने ही पिता की हत्या करने वाले भाई-बहन को अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है। वहीं इस साजिश में शामिल मृतक की पत्नी को उम्रकैद की सजा दी गई है। अदालत का यह फैसला छह साल पुराने सनसनीखेज हत्याकांड में आया है।

मामले के अनुसार, 70 वर्षीय बुजुर्ग रेलवे कर्मचारी थे, जो मालगाड़ी चालक के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके थे। आरोप है कि बेटे, बेटी और पत्नी ने मिलकर उनकी पेंशन और मकान पर कब्जा करने की साजिश रची। योजना के तहत बुजुर्ग को खाने में जहर देकर मौत के घाट उतार दिया गया।

शव के टुकड़े कर घर में छिपाया

हत्या के बाद आरोपी शव को ठिकाने नहीं लगा सके। सबूत मिटाने के इरादे से उन्होंने शव के कई टुकड़े किए और उन्हें अलग-अलग बाल्टियों में भरकर घर के भीतर ही छिपा दिया। कई दिनों तक यह राज घर की चारदीवारी में कैद रहा, लेकिन बाद में घर से उठ रही तेज दुर्गंध ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

बदबू से खुला खौफनाक राज

18 अगस्त 2019 को पड़ोसियों को घर से लगातार बदबू आने पर शक हुआ। जब स्थानीय लोग अंदर पहुंचे तो वहां मानव अवशेष देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद जांच शुरू हुई। पुलिस ने तीन दिन बाद 21 अगस्त को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

लंबी सुनवाई के बाद मल्काजगिरि स्थित प्रधान जिला न्यायाधीश अदालत ने बेटे और बेटी को हत्या व साजिश का दोषी मानते हुए फांसी की सजा सुनाई। वहीं मृतक की पत्नी को आजीवन कारावास की सजा दी गई है। अदालत ने इसे बेहद जघन्य और दुर्लभतम मामलों में से एक माना।

Also Read: Prayagraj: 5 लाख दहेज न मिला तो ससुराल वालों ने बहू को घर से निकाला, मुकदमा दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.