लखनऊ में शादी का झांसा देकर युवती को फंसाया, फिर ट्रेडिंग के नाम पर ऐंठे 18.76 लाख

Lucknow Crime: लखनऊ (Lucknow) के चिनहट की रहने वाली 32 वर्षीय महिला वकील से शादी का झांसा देकर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लाखों रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने खुद को शेयर बाजार (Share Market) का जानकार बताया और अधिक मुनाफे का भरोसा देकर करीब 19 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसका अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप है।

पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2022 में ठाकुरगंज के पसंदबाग निवासी मो. आजम अपने परिजनों के साथ शादी का रिश्ता लेकर उसके घर आया था। रिश्ता तय होने के बाद दोनों की बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि आजम ने खुद को ट्रेडिंग का जानकार बताते हुए करीब 20 लाख रुपये प्रतिमाह कारोबार करने का दावा किया।

कैफे में नशीली ड्रिंक पिलाने का आरोप

पीड़िता ने बताया कि आजम उसे बर्लिंगटन चौराहे के पास स्थित गॉडफादर कैफे (Godfather Cafe) ले गया, जहां उसके दो दोस्त पहले से मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। बेहोशी की हालत में उसका अश्लील वीडियो बनाया गया। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे मांगे जाने लगे।

पीड़िता के अनुसार, दिसंबर 2023 में उसने आजम के खाते में 76 हजार रुपये भेजे। इसके बाद जनवरी और फरवरी 2024 में ब्लैकमेल कर 4 लाख रुपये, मई 2024 से जून 2025 के बीच करीब 6 लाख रुपये ऑनलाइन और सितंबर 2024 में 4 लाख रुपये लिए गए। इसके अलावा उसके भाई से करीब 4 लाख रुपये नकद भी लिए गए। आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने WhatsApp पर गाली-गलौज कर धमकी दी।

कोर्ट के आदेश पर सात लोगों पर FIR

पीड़िता ने आजम की मां, मामा और उसके दो दोस्तों पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। उसके मुताबिक आरोपियों की ओर से दिए गए तीन चेक भी बाउंस हो गए। पीड़िता का दावा है कि आरोपियों ने उससे कुल 18 लाख 76 हजार रुपये वसूले।

पीड़िता ने चिनहट, विभूतिखंड और कैसरबाग थाने में शिकायत की, लेकिन सुनवाई न होने पर कोर्ट का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर कैसरबाग पुलिस ने मो. आजम समेत सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, नशीला पदार्थ देने, धमकी समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

Also Read: एटा में डबल मर्डर से सनसनी, मां-बेटी पर हथौड़े बरसाता रहा पिता, चीखते रहे मासूम बच्चे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.