7 मर्डर, बैंक डकैती और दारोगा हत्याकांड, कुख्यात ललन सिंह पुलिस-STF मुठभेड़ में मारा गया
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रविवार तड़के सुबह लगभग 3:30 बजे जनपद सरसावा फ्लाईओवर के नीचे समानांतर कच्चे मार्ग पर STF उत्तर प्रदेश और कुख्यात अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन के बीच मुठभेड़ हुई। यह कार्रवाई उस सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि बिहार का वांछित और फरार अपराधी अपने साथी के साथ क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
खुफिया सूचना पर STF ने बिछाया जाल
STF मुख्यालय की टीम को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में शामिल ललन सिंह उर्फ लल्लन सहारनपुर क्षेत्र में सक्रिय है। इस सूचना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह के निर्देशन में STF टीम ने सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग अभियान शुरू किया।
इसी दौरान नकुड़ की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। रोकने का प्रयास करने पर दोनों ने बाइक की गति बढ़ा दी और कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे।
बाइक गिरते ही शुरू हुई फायरिंग
भागने के दौरान ऊबड़-खाबड़ रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाशों ने STF टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक लाल प्रताप सिंह और निरीक्षक आदित्य कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी, जिससे दोनों अधिकारी सुरक्षित बच गए। इसके बाद बदमाशों ने बैग से एक स्वचालित हथियार निकालकर फिर से फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश ढेर, दूसरा फरार
STF टीम ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया, फिर बीबीडी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। वहीं मुठभेड़ के दौरान बदमाशों के पास से एक मोटरसाइकिल और बैग पुलिस ने बरामद किया
बता दें कि मृतक की पहचान ललन सिंह उर्फ लल्लन पुत्र शिवशंकर सिंह, निवासी ग्राम आनंदगोलवा, थाना मोहउद्दीन नगर, जनपद समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई।

अपराधी का लंबा आपराधिक इतिहास
ललन सिंह उर्फ लल्लन पर बिहार और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती, पुलिसकर्मियों पर हमला, हथियार लूट और जेल से फरारी जैसे गंभीर मामलों में दर्जनों केस दर्ज थे, जिनमें शामिल हैं—
- पुलिसकर्मियों की हत्या और हथियार लूट (2016–2017)
- कैश वैन और बैंक लूट के साथ कई हत्याएं
- जेल से दीवार तोड़कर फरार होना (2022)
- वाराणसी में सब-इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या और सरकारी पिस्टल लूट (2022)
- कई राज्यों में 174A के तहत फरार घोषित मामले
- अवैध हथियार और पुलिस पर फायरिंग के केस
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में एक अपराधी मारा गया है, जबकि दूसरा फरार है जिसकी तलाश के लिए अभियान जारी है। पूरे मामले में थाना सरसावा पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: अखिलेश यादव की बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में MP से एक आरोपी गिरफ्तार

