Siddharthnagar News: मेडिकल कॉलेज परिसर में नई पुलिस चौकी का उद्घाटन, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया बल
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद स्थित माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज परिसर में नवनिर्मित पुलिस चौकी का शनिवार को गरिमामयी माहौल में भव्य उद्घाटन किया गया। डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा शिलापट का अनावरण कर इस नई पुलिस चौकी का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी ने सांसद जगदंबिका पाल को और पुलिस अधीक्षक ने विधायक श्यामधनी राही को बुके भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

उपचार के साथ सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक: जगदंबिका पाल
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले परिसर में पुलिस चौकी की स्थापना होना बेहद जरूरी था। इससे यहाँ आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों और दिन-रात सेवा में जुटे स्वास्थ्य कर्मचारियों को एक सुरक्षित और निर्भय माहौल मिलेगा। उन्होंने रिकॉर्ड समय में इस चौकी का निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की पीठ थपथपाई।

सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा को सुदृढ़ करना बेहद जरूरी
कार्यक्रम में मौजूद विधायक श्यामधनी राही ने कहा कि सिद्धार्थनगर एक सीमावर्ती जिला है, इसलिए यहाँ की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि यह पुलिस चौकी भी आम जनता की सुरक्षा और सहूलियत की दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि सांसद द्वारा पिछले निरीक्षण में इमरजेंसी और ओपीडी सेवाओं को बेहतर करने के जो निर्देश दिए गए थे, उन पर तेजी से अमल करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में काफी सकारात्मक बदलाव किए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रजत कुमार चौरसिया सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और पुलिस बल के जवान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: 4 साल में दूसरी बार टूटी शिवसेना, जानें कैसे फिर बिखर रही है ठाकरे की पार्टी

