NEET पेपर लीक विवाद में विपक्ष का हल्लाबोल, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा INDIA गठबंधन
Sandesh Wahak Digital Desk: देश में गरमाए पेपर लीक विवाद और दिल्ली में उपजे तनाव के बीच विपक्षी INDIA गठबंधन ने संसद परिसर में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संसद के मकर द्वार पर आयोजित इस जोरदार विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान केंद्र और यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह भाग चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार का ध्यान जनहित और जवाबदेही पर नहीं, बल्कि केवल अपना खजाना और बैंक खाते भरने पर टिका है।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग की। दिल्ली में मेट्रो स्टेशनों की बंदी और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस बल का सहारा ले रही है। पीएम मोदी के सामूहिक जिम्मेदारी वाले बयान पर पलटवार करते हुए महुआ ने कहा, जब पेपर आपकी सरकार में लीक हुआ है, तो इसकी जिम्मेदारी विपक्ष क्यों ले? कोई बातचीत तब तक नहीं होगी जब तक शिक्षा मंत्री अपना पद नहीं छोड़ते।

