कतर, दुबई और बांग्लादेश से जंतर-मंतर पहुंच रहा खाना, एक ने भेजे 2 हजार पार्सल
Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आंदोलन एक महीने से अधिक समय से जारी है। इस प्रदर्शन को लगातार नया समर्थन मिल रहा है। विपक्षी दलों के नेताओं और बॉलीवुड से जुड़े कई लोग मंच पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों के साथ अपनी एकजुटता दिखा चुके हैं। वहीं, 18 जुलाई के बाद प्रदर्शन स्थल पर लोगों की संख्या भी बढ़ी है। जो लोग दिल्ली नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे ऑनलाइन माध्यम से भोजन, पानी और जरूरी सामान भेजकर सहयोग कर रहे हैं।
Swiggy-Zomato के जरिए भेजा जा रहा खाना
बीते कुछ दिनों में जंतर-मंतर पर एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली है। लोग स्विगी और जोमैटो जैसे फूड डिलीवरी ऐप्स के जरिए प्रदर्शनकारियों के लिए नाश्ता, दोपहर और रात का खाना भेज रहे हैं। मुंबई, सूरत, पटना, हैदराबाद समेत कई शहरों से लगातार ऑर्डर किए जा रहे हैं। कई लोग एक व्यक्ति के लिए तो कई 10 से 20 लोगों के भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं। वहीं, बड़ी संख्या में पानी की बोतलें भी भेजी जा रही हैं।
इतना अधिक खाना पहुंचने लगा कि सीजेपी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपील करनी पड़ी कि जरूरत से ज्यादा भोजन न भेजा जाए, क्योंकि अतिरिक्त खाना बर्बाद हो सकता है।
विदेशों से भी आ रहे फूड ऑर्डर
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कई डिलीवरी बॉय यह बताते नजर आए कि कुछ ऑर्डर कतर, दुबई और बांग्लादेश जैसे देशों से किए गए हैं। समाचार एजेंसी आईएनएएस से बातचीत में एक डिलीवरी कर्मी ने कहा, “यह ऑर्डर कतर से आया है। हमें कहा गया कि जंतर-मंतर पर किसी भी जरूरतमंद छात्र को खाना दे दें। हमारे पास देश के अलग-अलग शहरों से भी ऐसे ऑर्डर आते रहते हैं।”
एक प्रदर्शनकारी ने एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में दावा किया कि दुबई से एक दिन में आठ बार में करीब 2,000 फूड पैकेट भेजे गए। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये ऑर्डर विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने किए या अन्य देशों के नागरिकों ने।

