भारत ने किया Agni-4 बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण, 3,000 KM+ तक मार करने में सक्षम

Ballistic Missile Agni 4 Launched: भारत ने एक बार फिर अपनी सामरिक ताकत का प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) से मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल (Medium Range Ballistic Missile – MRBM) अग्नि-4 (Agni-IV) का सफल परीक्षण किया। स्ट्रैटेजिक फोर्सेज कमांड की निगरानी में हुए इस परीक्षण में मिसाइल ने सभी परिचालन और तकनीकी मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

रक्षा सूत्रों के अनुसार, परीक्षण पूरी तरह सफल रहा और इससे भारत की रणनीतिक प्रतिरोधक क्षमता को और मजबूती मिली है।

Agni-4 में आधुनिक एवियोनिक्स, पांचवीं पीढ़ी का ऑनबोर्ड कंप्यूटर और डिस्ट्रिब्यूटेड आर्किटेक्चर जैसी उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।

मिसाइल उड़ान के दौरान आने वाली किसी भी बाधा का स्वतः आकलन कर अपना मार्ग सुधार सकती है। यही क्षमता इसे भारत की सबसे भरोसेमंद रणनीतिक मिसाइलों में शामिल करती है।

लक्ष्य पर बेहद सटीक हमला करेगा Agni-4

अग्नि-4 में रिंग लेजर गायरो आधारित इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम और माइक्रो नेविगेशन सिस्टम (MINGS) लगाया गया है।

इन आधुनिक प्रणालियों की मदद से मिसाइल बेहद कम त्रुटि के साथ अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सक्षम है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इसकी सटीकता भारतीय रक्षा प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाती है।

अग्नि-4 की सबसे बड़ी खासियत इसका री-एंट्री हीट शील्ड है। परीक्षण के दौरान यह करीब 4000 डिग्री सेल्सियस तापमान को सफलतापूर्वक झेलने में सक्षम रहा।

इतने अधिक तापमान के बावजूद मिसाइल के भीतर मौजूद संवेदनशील उपकरण सामान्य रूप से काम करते रहे और आंतरिक तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से नीचे बनाए रखा गया।

अग्नि श्रृंखला को मिली और मजबूती

भारतीय रक्षा बेड़े में पहले से अग्नि-1, अग्नि-2, अग्नि-3 और पृथ्वी मिसाइलें शामिल हैं। हाल के वर्षों में अग्नि श्रृंखला की कई मिसाइलों का सफल परीक्षण हो चुका है।

Agni-4 के ताजा सफल परीक्षण के साथ भारत की 3,000 किलोमीटर से अधिक दूरी तक सटीक मार करने की क्षमता और रणनीतिक प्रतिरोधक शक्ति को नई मजबूती मिली है।

Also Read: नए साल में आ सकते हैं प्लास्टिक के नोट, RBI गवर्नर ने बताया कब होगी शुरुआत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.