नए साल में आ सकते हैं प्लास्टिक के नोट, RBI गवर्नर ने बताया कब होगी शुरुआत
RBI: देश में जल्द ही प्लास्टिक यानी पॉलिमर नोट चलन में आ सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को बताया कि अगर सभी जरूरी प्रक्रियाएं तय समय पर पूरी हो जाती हैं, तो अगले वित्त वर्ष की शुरुआत में पॉलिमर नोट जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह जानकारी मौद्रिक नीति समीक्षा की घोषणा के बाद दी।
अभी किन चरणों से गुजर रही है योजना
आरबीआई गवर्नर के मुताबिक, फिलहाल पॉलिमर सामग्री की आपूर्ति के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। इसके बाद परीक्षण, सुरक्षा जांच और अन्य जरूरी मंजूरियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इन नोटों में कई आधुनिक सुरक्षा फीचर भी होंगे। उन्होंने कहा कि सभी चरण सफलतापूर्वक पूरे होने के बाद ही इन्हें बाजार में उतारा जाएगा।
क्यों लाए जा रहे हैं प्लास्टिक के नोट
संजय मल्होत्रा ने बताया कि पॉलिमर नोटों का सबसे बड़ा फायदा उनकी लंबी उम्र है। खासकर कम मूल्य वर्ग के नोट, जिनका इस्तेमाल सबसे ज्यादा होता है, वे कागजी नोटों की तुलना में जल्दी खराब हो जाते हैं। कई देशों में पिछले 30 वर्षों से पॉलिमर नोट इस्तेमाल किए जा रहे हैं और वे सामान्य नोटों की तुलना में तीन से चार गुना अधिक समय तक चलते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने 10 और 20 रुपये के पॉलिमर नोटों के लिए आरबीआई को मंजूरी दे दी है। शुरुआती चरण में करीब दो अरब नोट पायलट प्रोजेक्ट के तहत छापे जाएंगे। यदि परीक्षण सफल रहता है तो बाद में इनका दायरा बढ़ाया जाएगा।
Also Read: वंदे मातरम के 6 छंद गाने से आसमान नहीं टूट जाएगा, मदरसा याचिका पर हाईकोर्ट की टिप्पणी

