लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 4 युवतियों समेत 16 शातिर गिरफ्तार
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके अलीगंज (कपूरथला) में पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। शुक्रवार को रिद्धिया प्लाजा स्थित एक कॉम्प्लेक्स में छापेमारी कर लखनऊ पुलिस और अलीगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 युवतियों और 12 युवकों समेत कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से कॉर्पोरेट स्टाइल में चलाए जा रहे एक संगठित साइबर क्राइम नेटवर्क का चौंकाने वाला मॉड्यूल सामने आया है।
सैलरी और रहने-खाने का लालच देकर करते थे भर्ती
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मुख्य सरगना प्रियांशु उर्फ शिवा है, जिसने कपूरथला के रिद्धिया प्लाजा में किराए पर दफ्तर ले रखा था। नेटवर्क को चलाने के लिए गुजरात के रहने वाले आशीष और नेहल बतौर मैनेजर काम कर रहे थे। ये मैनेजर गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से पढ़े-लिखे युवाओं को 18,000 से 30,000 रुपये प्रति माह वेतन और मुफ्त रहने-खाने का लालच देकर लखनऊ बुलाते थे और उन्हें अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने के काम में लगा देते थे। फर्जी कॉल सेंटर के कर्मचारियों को एजेंट और वेरिफायर जैसी टीमों में बांटा गया था।
एजेंट टीम: खुद को माइक्रोसॉफ्ट ग्लोबल कस्टमर सपोर्ट का प्रतिनिधि बताकर पीड़ितों के कंप्यूटर का अल्ट्राव्यूअर जैसे सॉफ्टवेयर से रिमोट एक्सेस ले लेती थी। फिर सिस्टम में पोर्नोग्राफी या ड्रग्स संबंधी अवैध सामग्री होने का झूठा डर दिखाती थी।
वेरिफायर टीम: यह टीम पीड़ितों का डेटा और आंकड़े सत्यापित करती थी।
क्लोजर टीम: अंत में अमेरिकी सरकारी अधिकारी बनकर गिरफ्तारी की धमकी देती थी और केस खत्म करने के नाम पर पीड़ितों से क्रिप्टोकरेंसी व विदेशी बैंक ट्रांसफर के ज़रिए करोड़ों रुपये ऐंठ लेती थी।
मॉर्निंग गश्त के दौरान हत्थे चढ़ा संदिग्ध, फिर खुली पोल
कपूरथला चौकी क्षेत्र में मॉर्निंग गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिससे इस अवैध कॉल सेंटर का सुराग मिला। पुलिस ने तुरंत रिद्धिया प्लाजा में दबिश देकर 16 कर्मचारियों को रंगे हाथों दबोच लिया। मौके से 36 लैपटॉप, 20 माउस, 22 हेडफोन, 5 राउटर और 20 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। फिलहाल, इस गिरोह का मुख्य सरगना प्रियांशु उर्फ शिवा फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
Also Read: डूसू चुनाव में ABVP का शानदार प्रदर्शन, अध्यक्ष, सचिव और सह-सचिव तीनों सीटों पर जीत

