‘हिमंता को नहीं बख्शेंगे, सीधे भेजेंगे जेल’, राहुल गांधी की खुली चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: असम की सियासत में आज उस वक्त भूचाल आ गया जब कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा के खिलाफ अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। बिस्वनाथ में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दो टूक कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे मुख्यमंत्री को जेल भेजा जाएगा और माफी मांगने पर भी उन्हें कोई राहत नहीं मिलेगी।

“असम की कमान दिल्ली के हाथों में”

राहुल गांधी ने असम सरकार की स्वायत्तता पर सवाल उठाते हुए एक ‘कंट्रोल चेन’ का जिक्र किया। राहुल ने तंज कसते हुए कहा, “डोनाल्ड ट्रंप नरेंद्र मोदी को कंट्रोल करते हैं, मोदी और अमित शाह आपके मुख्यमंत्री को कंट्रोल करते हैं। असम की सरकार गुवाहाटी से नहीं, बल्कि दिल्ली से अमित शाह चला रहे हैं।”

उन्होंने मुख्यमंत्री पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिवार को इन काले कारनामों में शामिल कर बड़ी गलती की है, जिसका हिसाब कांग्रेस की सरकार लेगी।

‘वन स्टॉप सेंटर’ की बदहाली पर घेरा

चुनावी रैली के साथ-साथ राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भी केंद्र की ‘मिशन शक्ति’ योजना के तहत चलने वाले वन स्टॉप सेंटर्स की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। राहुल ने संसद में उठाए अपने सवालों को दोहराते हुए पूछा कि हिंसा पीड़ित महिलाओं की मदद के लिए बने केंद्रों में ताले क्यों लगे हैं और स्टाफ की कमी क्यों है? उन्होंने दावा किया कि 5 में से 3 महिलाओं तक मदद नहीं पहुंच पा रही है और सरकार बजट का सही इस्तेमाल करने में नाकाम रही है।

सरकार का पलटवार: 13 लाख महिलाओं को मिली मदद

राहुल गांधी के आरोपों पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने लिखित जवाब के जरिए पलटवार किया। सरकार के मुताबिक, 2015 से अब तक लगभग 13.37 लाख महिलाओं को इन सेंटरों के माध्यम से चिकित्सा और कानूनी सहायता प्रदान की गई है। मंत्री ने कहा कि नीति आयोग ने इस योजना के प्रदर्शन को संतोषजनक माना है और केंद्रों के संचालन की मुख्य जिम्मेदारी राज्य सरकारों की है।

Also Read: Lucknow News:सीएम योगी ने बीएनए के नए प्रेक्षागृहों का किया लोकार्पण, विपक्ष को घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.