राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे पर केशव मौर्य का तंज, बोले- मोहब्बत की दुकान से नफरत फैलाने आ रहे कांग्रेस नेता
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान पर तंज कसते हुए मौर्य ने कहा कि वह वास्तव में नफरत फैलाने की राजनीति लेकर प्रयागराज आ रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीति को ‘बचकानी राजनीति’ का प्रतीक करार देते हुए उन पर निशाना साधा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी को आनंद भवन और उसके आसपास के इलाकों का दौरा करने की सलाह दी। उन्होंने लिखा कि यदि उन्हें मौका मिले तो वे आनंद भवन भी घूम लें, ताकि उन्हें खुद इस बात का अहसास हो सके कि उनके परिवार ने अपना घर (पैतृक निवास) होने के बावजूद प्रयागराज को वर्षों तक विकास से ‘उपेक्षित’ छोड़ रखा था।
उपमुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि आज भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रयागराज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रयागराज में अब केवल छात्रों की ही नहीं, बल्कि चौतरफा हो रहे विकास की गूंज भी साफ सुनाई देती है।
पवित्र संगम और श्रृंगवेरपुर के दर्शन की दी सलाह
राहुल गांधी पर हमला जारी रखते हुए मौर्य ने कहा कि हालांकि किसी की आस्था या अनास्था पर सवाल उठाना ठीक नहीं है, लेकिन समय मिले तो राहुल गांधी को पवित्र संगम और पुण्य धाम श्रृंगवेरपुर के दर्शन जरूर करने चाहिए। उन्होंने कहा कि वहां जाने के बाद शायद राहुल गांधी भी डबल इंजन सरकार के विरासत के साथ विकास के संकल्प और उसके सकारात्मक परिणामों को बेहिचक स्वीकार कर लेंगे।
Also Read: हनी ट्रैप में फंसा एयरफोर्स का विंग कमांडर, फिर पाकिस्तानी हैंडलर्स तक पहुंचाई गुप्त फाइलें

