Kushinagar News: पडरौना रोडवेज बस स्टेशन का काम अंतिम चरण में, आरपीएन सिंह ने दिए ये निर्देश
Kushinagar News: पडरौना नगर वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पिछले 15-20 वर्षों से रोडवेज परिसर में जलजमाव की समस्या झेल रहे यात्रियों और आमजन को जल्द ही राहत मिलने वाली है। सोमवार को पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री व राज्यसभा सदस्य कुंवर आरपीएन सिंह ने निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय सीमा को लेकर विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि 15 जून तक लोकार्पण की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया बस स्टेशन
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद ने भवन, यात्री हॉल और अधिकारियों के कक्षों का जायजा लिया। कार्यदायी संस्था पैक्स-पैड के अधिशासी अभियंता ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए यहाँ विशेष इंतजाम किए गए हैं। बस स्टेशन के प्रथम तल पर डारमेंट्री बनाई गई है, जहाँ दूर-दराज से आने वाले यात्री निर्धारित शुल्क जमा कर रात्रि विश्राम कर सकेंगे। महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय, शुद्ध पेयजल और एक आधुनिक कैंटीन की व्यवस्था भी की जा रही है।
15-20 साल पुराने जलजमाव के दर्द से मिलेगी मुक्ति
पत्रकार वार्ता के दौरान आरपीएन सिंह ने कहा कि पडरौना बस स्टेशन का परिसर नीचा होने के कारण पिछले दो दशकों से बारिश के समय यात्रियों और चालकों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ता था। “भाजपा सरकार ने जनहित को देखते हुए इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए बस स्टेशन निर्माण की स्वीकृति दी। अब बरसात से पूर्व इसके लोकार्पण की उम्मीद जग गई है।”
नगर को जाम से मिलेगी बड़ी निजात
सांसद ने बताया कि वर्तमान में बसें सड़कों पर खड़ी होती हैं, जिससे पडरौना नगर में जाम की स्थिति बनी रहती है। नया बस स्टेशन शुरू होने के बाद सभी बसें परिसर के भीतर खड़ी होंगी, जिससे यातायात सुगम होगा और शहरवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने एआरएम जयप्रकाश प्रधान को निर्माण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सदर विधायक मनीष जायसवाल मंटू, ब्लॉक प्रमुख आशुतोष सिंह बहुगुणा और भाजपा मंडल अध्यक्ष भुवनेश्वर त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: Siddharthnagar News: टीईटी अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षकों का ‘मशाल जुलूस’, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

