लखनऊ में जन्मदिन पार्टी के बाद मजदूर की हत्या, सुबह मौरंग के ढेर पर मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
Lucknow Murder Case: लखनऊ के कृष्णानगर (Krishna Nagar) इलाके में जन्मदिन समारोह के बाद एक मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। रविवार देर रात पार्टी खत्म होने के बाद 32 वर्षीय रामबाबू मौर्य की हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसका शव मौरंग के ढेर पर पड़ा मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीसीपी, एसीपी, इंस्पेक्टर और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जन्मदिन पार्टी के बाद हुई वारदात
घटना कृष्णानगर थाना क्षेत्र के बरिगवां की है। रामबाबू मौर्य मूल रूप से काकोरी के गोला कुआं गांव का रहने वाला था और कृष्णानगर क्षेत्र में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था।
एसीपी अभिषेक पांडे के मुताबिक, रविवार रात झोपड़पट्टी निवासी शुभम की बेटी का जन्मदिन समारोह था। पार्टी के दौरान कुछ लोग शराब के नशे में थे। इसी दौरान रामबाबू की हत्या की गई। हालांकि, वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सुबह मौरंग के ढेर पर शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर हत्या (Lucknow Murder Case) की वजह और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
जल्द खुलासे का दावा
डीसीपी बसंत कुमार रल्ला ने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपियों की पहचान कर घटना का खुलासा करेगी। मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ पार्टी में मौजूद लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
Also Read: एक के बदले तीन नकली नोट! कानपुर में चल रही थी फेक करेंसी की फैक्ट्री, मास्टरमाइंड समेत 3 गिरफ्तार

