Lakhimpur Kheri: बांकेगंज के बाद अब भीरा में बढ़ा तनाव, दो पक्षों के बीच विवाद, फोर्स तैनात

Lakhimpur Kheri: जनपद में बांकेगंज (मोतीपुर) में हुए भीषण बवाल के बाद अभी शांति पूरी तरह बहाल भी नहीं हुई थी कि बुधवार सुबह भीरा थाना क्षेत्र के रूपनपुरवा गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। यहाँ एक धर्मस्थल पर झंडा लगाने को लेकर दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। गनीमत रही कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मोर्चा संभाला और विवाद को शांत कराया।

धर्मस्थल और झंडे को लेकर हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, रूपनपुरवा गांव में एक पक्ष के लोगों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर वाला नीला झंडा एक धर्मस्थल पर लगा दिया था। दूसरे पक्ष के लोगों ने इस पर आपत्ति जताई, जिसे लेकर दोनों ओर से तीखी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते ग्रामीण एकजुट हो गए और गांव में भारी तनाव फैल गया।

पुलिस की सक्रियता से टला बड़ा हादसा

बांकेगंज की घटना से सबक लेते हुए भीरा पुलिस तत्काल भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने धार्मिक संवेदनशीलता को देखते हुए धर्मस्थल से झंडा उतरवा दिया है। विवाद को जड़ से खत्म करने के लिए दोनों पक्षों के मुख्य लोगों को थाने बुलाया गया है, जहाँ उनसे बातचीत की जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मोतीपुर (बांकेगंज) की घटना की पृष्ठभूमि

बता दें कि मंगलवार शाम बांकेगंज के मोतीपुर गांव में अंबेडकर प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने के बाद हिंसक बवाल हुआ था। उग्र भीड़ ने सीओ गोला रमेश तिवारी और तहसीलदार की गाड़ियों को निशाना बनाया, उन्हें पलट दिया और दो गाड़ियों में आग लगा दी थी।

एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा एक ही जाति के दो गुटों के आपसी संघर्ष में टूटी थी, जिसे बाद में साजिश के तहत बवाल का रूप दिया गया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं।

Also Read: नोएडा बवाल: RJD की दो महिला प्रवक्ताओं पर FIR, फर्जी वीडियो शेयर करने का आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.