UP चुनाव से पहले सरकार को आई किसानों की याद! 6% ब्याज पर 6 लाख तक लोन को कैबिनेट की मंजूरी

UP Farmers Loan Scheme: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और इसी चुनावी माहौल के बीच योगी सरकार ने किसानों के लिए सस्ते कर्ज का बड़ा फैसला लिया है। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में किसानों को 6 फीसदी सालाना ब्याज पर 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालिक कर्ज देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। चुनाव से पहले आया यह फैसला जाहिर तौर पर किसान वोटरों के लिए सरकार की बड़ी सौगात के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रस्ताव के मुताबिक यूपी सहकारी ग्राम विकास बैंक के जरिए किसानों को यह कर्ज मिलेगा। मौजूदा व्यवस्था में ब्याज दर 11.5 फीसदी तक बताई गई है, जबकि नई व्यवस्था में किसान को सिर्फ 6 फीसदी ब्याज देना होगा। बाकी 5 फीसदी ब्याज का भार सरकार उठाएगी।

लघु और सीमांत किसानों को ज्यादा राहत

यह लाभ मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना (Mukhyamantri Krishak Samriddhi Yojana) के तहत दिया जाएगा। खासतौर पर लघु और सीमांत किसानों को ब्याज में 5 फीसदी की छूट मिलेगी। सरकार के मुताबिक इस व्यवस्था से किसानों पर कर्ज का बोझ कम होगा और उन्हें खेती से जुड़ी जरूरतों के लिए अपेक्षाकृत सस्ता लोन मिल सकेगा।

इस योजना (UP Farmers Loan Sceme) से सरकार पर करीब 38.4 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आने का अनुमान है। गौर करने वाली बात यह है कि सस्ते ब्याज पर लोन का ऐलान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही कर चुके थे, अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे लागू करने का रास्ता साफ हुआ है।

खेती में मौसम और प्राकृतिक आपदाओं की मार के बीच महंगे कर्ज का बोझ किसानों की मुश्किलें बढ़ाता रहा है। ऐसे में सरकार का ताजा फैसला राहत दे सकता है, लेकिन चुनाव से ठीक पहले किसान हित में लिए जा रहे ऐसे फैसलों को लेकर राजनीतिक नजरिया भी स्वाभाविक रूप से चर्चा में रहेगा।

PRD जवानों से लेकर अयोध्या तक बड़े फैसले

मंगलवार की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगी। करीब 40 हजार पीआरडी जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ उन्हें 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने का फैसला हुआ। कोटेदारों के मार्जिन में बढ़ोतरी और नई खिलौना प्रोत्साहन नीति को भी मंजूरी दी गई।

इसके अलावा अयोध्या में NSG के रीजनल सेंटर के लिए 65 एकड़ जमीन देने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने हरी झंडी दी।

Also Read: अखिलेश-जयंत में फिर छिड़ी जुबानी जंग, RLD प्रमुख बोले- ‘मुंह खोल दिया तो यूपी में खड़े नहीं हो पाएंगे’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.