लखीमपुर खीरी: सिंगाही में पत्रकार को मिली जान से मारने की धमकी, वारंटी को बचाने का आरोप
सिंगाही (लखीमपुर खीरी): जनपद के सिंगाही कस्बे में पत्रकारिता और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक स्थानीय पत्रकार को एक वारंटी अपराधी का पक्ष लेने वाले दबंग ने रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित पत्रकार ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की है।
“मुखबिरी की तो मार देंगे जान से”
वार्ड नंबर 6 निवासी पीड़ित पत्रकार विनय उर्फ मगन मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार रात जब वह बाजार से घर लौट रहे थे, तभी कस्बे के ही नवीन दीक्षित ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि नवीन ने पत्रकार को धमकाते हुए कहा, “तुम पुलिस से मुखबिरी कर मेरे खास आदमी को पकड़वाना चाहते हो, तुम्हें जान से मार देंगे।”
वारंटी को बचाने का आरोप
पूरा मामला अनिल नाम के एक वारंटी से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि अनिल न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है। पत्रकार का आरोप है कि नवीन दीक्षित उस वारंटी को संरक्षण दे रहा है और उसे गिरफ्तारी से बचाने के लिए पत्रकार पर दबाव बना रहा है।
ट्विटर के जरिए पुलिस कप्तान से गुहार
स्थानीय थाने में तत्काल सुनवाई न होने पर पीड़ित पत्रकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X/ट्विटर) का सहारा लिया है। उन्होंने उच्चाधिकारियों को टैग करते हुए सुरक्षा की मांग की है। साथ ही, विनय मिश्रा ने पुलिस कप्तान (SP) को फोन के माध्यम से पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया है। पत्रकार समुदाय ने इस घटना की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Also Read: Lucknow News: टेढ़ी पुलिया की झुग्गियों में लगी भीषण आग, कई सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप

