यूपी पुलिस अब बनेगी ‘स्मार्ट पुलिस’: ज़ेनिथ स्कूल ऑफ AI के साथ ऐतिहासिक समझौता

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पुलिस तकनीकी सेवाएँ मुख्यालय (TS HQrs) और नई दिल्ली स्थित ज़ेनिथ स्कूल ऑफ एआई के बीच एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य यूपी पुलिस को भविष्य की तकनीक जैसे AI, क्लाउड कंप्यूटिंग और एडवांस सॉफ्टवेयर ट्रेनिंग से लैस करना है।

16 सप्ताह का विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम

इस समझौते के तहत पुलिसकर्मियों के लिए एक संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कुल 16 सप्ताह का होगा, जिसमें 32 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस विशेष प्रोग्राम के लिए यूपी पुलिस के 50 चयनित कार्मिकों और 10 उच्च अधिकारियों को चुना गया है।

प्रशिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), आधुनिक सॉफ्टवेयर प्रणालियाँ, API और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे विषयों पर व्यवहारिक ज्ञान दिया जाएगा।

डिजिटल पुलिसिंग को मिलेगा नया आयाम

अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएँ) नवीन अरोरा और ज़ेनिथ स्कूल ऑफ एआई के अनूप गर्ग ने इस MoU पर हस्ताक्षर कर इसे औपचारिक रूप प्रदान किया। इस महत्वपूर्ण पहल को धरातल पर उतारने में डीआईजी (तकनीकी सेवाएं) आशीष तिवारी की भूमिका अत्यंत सार्थक रही है।

कार्यकुशलता और नवाचार में होगी वृद्धि

इस प्रशिक्षण का सीधा लाभ पुलिस की कार्यप्रणाली पर पड़ेगा। AI की मदद से डेटा के माध्यम से अपराधियों के पैटर्न को समझने में आसानी होगी। डिजिटल प्रौद्योगिकियों के उपयोग से केस सुलझाने की गति बढ़ेगी। पुलिस विभाग में तकनीक के माध्यम से नए प्रयोगों और समाधानों को प्रोत्साहन मिलेगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.