Lakhimpur Kheri News: सीएम योगी बोले- ‘सैफई के कुनबे ने गरीबों के हक पर डाली डकैती’
Lakhimpur Kheri News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पलियाकलां के चंदनचौकी में विपक्ष और ‘परिवारवाद’ पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। दशकों से अपने हक का इंतजार कर रहे थारू जनजाति के परिवारों को जमीन का मालिकाना हक सौंपते हुए सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों में संवेदनाओं का अभाव था और वे केवल एक परिवार (सैफई) के विकास तक सीमित थीं।
4356 परिवारों का 50 साल का इंतजार खत्म
मुख्यमंत्री ने पलिया तहसील के 34 गांवों के 4356 थारू परिवारों को 538 हेक्टेयर जमीन के स्वामित्व संबंधी अधिकार पत्र (पट्टे) सौंपे। साल 1976 से ये परिवार केवल जमीन का उपयोग कर रहे थे, लेकिन आज वे अपनी जमीन के असली मालिक बन गए हैं। सीएम ने भरोसा दिया कि अब न तो वन विभाग का कोई अधिकारी और न ही कोई दबंग लेखपाल आपकी जमीन पर हस्तक्षेप कर पाएगा।
“प्रजा सुखे सुखं राज्ञः” – विपक्ष पर साधा निशाना
मंच से श्लोक सुनाते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, “सच्चा शासन वही है जहां प्रजा सुखी रहे।” उन्होंने समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा “जिन्हें समाज को बांटने से फुर्सत न हो, जिन्होंने आपके संसाधनों पर डकैती डाली हो, उनसे अधिकार दिलाने की उम्मीद नहीं की जा सकती। पहले सारी योजनाएं सिर्फ सैफई तक सिमट कर रह जाती थीं, लेकिन आज डबल इंजन सरकार अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही है।”
विस्थापित परिवारों को भी मिला सम्मान
मुख्यमंत्री ने केवल थारू जनजाति ही नहीं, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश से आए बाढ़ प्रभावितों और बांग्लादेश से विस्थापित 331 हिंदू परिवारों को भी भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को उनके ‘पक्के घर’ की चाबियां सौंपी गईं।
314 परियोजनाओं की सौगात
लखीमपुर खीरी के विकास के लिए सीएम ने कुल 314 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने वाली योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल अधिकार पत्र नहीं, बल्कि इन परिवारों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की गारंटी है।
Also Read: ‘SIR से न योगी खुश, न अखिलेश!’ लखनऊ पहुंचे भूपेश बघेल का बड़ा हमला

