Lucknow News: 15 लाख की घूस मांगने का आरोप, 7.5 लाख लेते LDA के अवर अभियंता समेत 3 गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा, सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश और एक निजी व्यक्ति श्रवण कुमार को 7.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम ने पूरी रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
भवन निर्माण रोकने की धमकी देकर मांगे थे 15 लाख
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह एक भवन का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान एलडीए के अवर अभियंता दिनेश कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद करने को कहा। बाद में निजी व्यक्ति श्रवण कुमार ने IGRS पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने का हवाला देते हुए 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। उसने कहा कि रकम देने पर निर्माण के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
इसके बाद एलडीए कार्यालय में दिनेश कुमार वर्मा और सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश ने भी 15 लाख रुपये की मांग दोहराई। शिकायतकर्ता ने रकम दो किस्तों में देने की बात कही और पूरे मामले की जानकारी सतर्कता अधिष्ठान को दे दी।
गोपनीय जांच के बाद बिछाया जाल
विजिलेंस ने पहले मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में तीनों आरोपियों की मिलीभगत और IGRS पोर्टल के दुरुपयोग की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर शिकायतकर्ता से 7.50 लाख रुपये की पहली किस्त लेते समय तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को कप्तान बनाने की तैयारी, सेलेक्टर्स का प्लान रेडी

