लखनऊ में आयुष बोर्ड के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, कार्यालय घेरा, हाईकोर्ट का आदेश लागू करने की मांग

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में गुरुवार को माध्यमिक, उच्च, तकनीकी एवं मेडिकल कॉलेज संयुक्त महासभा के बैनर तले आयुष बोर्ड की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आयुष बोर्ड कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।

जब उन्होंने कार्यालय के अंदर प्रवेश करने की कोशिश की तो पहले से तैनात पुलिस ने मुख्य गेट पर ही उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर तक नोकझोंक हुई, हालांकि हालात जल्द सामान्य हो गए।

बोर्ड को सक्रिय करने और लंबित परीक्षाएं कराने की मांग

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आयुष बोर्ड लंबे समय से प्रभावी तरीके से काम नहीं कर रहा है। इसकी वजह से छात्रों और शिक्षण संस्थानों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि बोर्ड को तुरंत पूरी तरह सक्रिय किया जाए, हाईकोर्ट के आदेशों को लागू किया जाए और लंबे समय से लंबित परीक्षाओं का जल्द आयोजन कराया जाए।

प्रदर्शन के दौरान प्रमुख सचिव आयुष और बोर्ड के रजिस्ट्रार को तत्काल पद से हटाने की मांग भी उठाई गई। साथ ही बोर्ड के उपाध्यक्ष को तत्काल कार्यभार सौंपने की मांग की गई।

छात्रवृत्ति और मुआवजे की मांग 

महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि बोर्ड की निष्क्रियता के कारण कई छात्र छात्रवृत्ति से वंचित रह गए हैं। ऐसे सभी छात्रों को उचित मुआवजा दिया जाए और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने आयुष मंत्री से मामले में न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि विभाग की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ और छात्रों के हितों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना था कि ऐसी स्थिति में मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।

Also Read: कमरे में ज्यादा दिन छिप नहीं सकते, बाहर खींचकर लाएंगे, खरगे का अमित शाह पर तीखा हमला 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.