लखनऊ अग्निकांड: पीड़ितों के बीच पहुंचीं कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा, 1 लाख की मदद का ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के विकासनगर इलाके के सेक्टर-12 में बुधवार शाम हुए अग्निकांड के बाद अब राजनीतिक व सामाजिक संगठन पीड़ितों से मिलने पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा भी अग्निकांड पीड़ितों से मुलाकात के लिए पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों को एक लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

निजी कोष से 1 लाख की सहायता और सरकार को अल्टीमेटम

आराधना मिश्रा ने मौके पर ही पीड़ितों के लिए 1 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने योगी सरकार से प्रभावित परिवारों के लिए भारी-भरकम मुआवजे की मांग की।

कांग्रेस विधायक ने मांग की है कि इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाली दो बच्चियों के परिवारों और अन्य पीड़ितों को प्रदेश सरकार 25-25 लाख रुपये का मुआवजा दे। उन्होंने यह भी अपील की कि जिन परिवारों के दुधारू पशु और मवेशी इस आग में झुलसकर मरे हैं, उन्हें भी पशु गणना के आधार पर उचित हर्जाना दिया जाए।

दो मासूमों की मौत से पसरा मातम

आपको बता दें कि बुधवार शाम को सिलेंडर फटने से लगी इस भीषण आग ने पूरे लखनऊ को झकझोर कर रख दिया। डीसीपी ईस्ट ने मलबे से दो बच्चियों (आयुषी और स्वाती) के शव मिलने की आधिकारिक पुष्टि की है। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें 5 किलोमीटर दूर तक देखी गईं और 50 से ज्यादा परिवारों का आशियाना चंद घंटों में जलकर खाक हो गया।

नगर निगम और फायर विभाग का रेस्क्यू जारी

पशु कल्याण अधिकारी के अनुसार, आग में झुलसी दो गायों का उपचार किया जा रहा है, जबकि छह अन्य को सुरक्षित बचाकर नगर निगम की गोशाला भेजा गया है। डीजी फायर सुजीत पांडे ने बताया कि बीकेटी और इंदिरा नगर समेत कई स्टेशनों की गाड़ियां अभी भी मलबे को खंगाल रही हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और मासूम अंदर न फंसा हो।

Also Read: कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले 5 विधायकों किया निलंबित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.