‘मैंने अपनी औरत को मार डाला…’, लखनऊ में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर खुद थाने पहुंचा शख्स

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के मदेयगंज इलाके में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 20 वर्षीय युवती अलिशा बानो की उसके पार्टनर अयान ने कथित तौर पर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी ‘मौत की दास्तां’

परिजनों के अनुसार, अलिशा की शादी करीब डेढ़ साल पहले कानपुर में हुई थी। इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती अयान से हुई। दोस्ती प्यार में बदली और करीब 5 महीने पहले अयान उसे लखनऊ ले आया। दोनों मदेयगंज में किराए के मकान में बिना निकाह के साथ रह रहे थे।

भाई का आरोप: “बेल्ट और चाकू से करता था टॉर्चर”

मृतका के भाई मोहम्मद वसीम ने पुलिस को दी तहरीर में रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे किए हैं।  वसीम का आरोप है कि अयान अक्सर अलिशा के साथ मारपीट करता था। उसके शरीर पर बेल्ट से पीटने और चाकू से हमले के पुराने निशान भी मिले हैं। परिवार का यह भी आरोप है कि अयान के परिजनों ने पहले ही धमकी दी थी कि अगर अलिशा कहीं और गई तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

रविवार सुबह जब पुलिस ने परिवार को सूचना दी, तब तक आरोपी अयान खुद चौकी पहुंच चुका था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने वहां जाकर कहा, “मैंने अपनी औरत को मार डाला है।”

मदेयगंज पुलिस के अनुसार, शुरुआती सूचना आत्महत्या की मिली थी, लेकिन शव पर चोट के निशान और आरोपी के कबूलनामे ने मामले को हत्या की ओर मोड़ दिया है। मदेयगंज थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी हिरासत में है और पूछताछ की जा रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

Also Read: Mirzapur News: सपा ने तय की 2027 की रणनीति, जिलाध्यक्ष बोले- बूथ-बूथ तक पहुंचेगा पीडीए का संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.