दिल्ली से दबोचा गया 50 हजार का इनामी तस्कर संतोष पासवान, चंदौली पुलिस को थी तलाश

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जनपद चंदौली से वांछित और 50,000 रुपये के इनामी अपराधी संतोष पासवान को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त शातिर तरीके से ठिकाने बदलकर दिल्ली और हरियाणा के सीमावर्ती इलाकों में छिपा हुआ था।

कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे?

एसटीएफ की नोएडा फील्ड यूनिट के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण और पुलिस उपाधीक्षक नवेन्दु कुमार के नेतृत्व में उप-निरीक्षक अक्षय पी.के. त्यागी की टीम अपराधियों पर नजर रख रही थी। एसटीएफ को सटीक सूचना मिली कि चंदौली के गौ-तस्करी मामले में वांछित संतोष पासवान दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में मौजूद है। एसटीएफ की टीम ने सीआईए पलवल के साथ तालमेल बिठाया और शनिवार (04 अप्रैल) की रात करीब 10:07 बजे घेराबंदी कर संतोष को धर दबोचा।

ई-रिक्शा चालक से इनामी तस्कर बनने की कहानी

पूछताछ के दौरान 31 वर्षीय संतोष पासवान ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। संतोष दिल्ली में ई-रिक्शा चलाता था, जहाँ वह विशाल मण्डल नामक व्यक्ति के संपर्क में आया। दोनों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से एक टाटा पिकअप (HR-38AD-0905) फाइनेंस कराई, जिसका एकमात्र उद्देश्य अवैध पशु तस्करी करना था। संतोष अपने साथियों के साथ मिलकर पशुओं को दिल्ली-हरियाणा से लाकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल भेजता था। मई 2023 में चंदौली पुलिस ने इसी वाहन से तस्करी कर ले जाए जा रहे पशुओं को पकड़ा था। उस वक्त संतोष के दो साथी जेल भेजे गए थे, लेकिन वह तब से फरार चल रहा था।

विधिक कार्यवाही

गिरफ्तार अभियुक्त संतोष पासवान के खिलाफ थाना चंदौली में गौवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और भादवि की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा (मु0अ0सं0 128/2023) दर्ज है। एसटीएफ ने अभियुक्त को चंदौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

 

Also Read: ‘मैंने अपनी औरत को मार डाला…’, लखनऊ में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर खुद थाने पहुंचा शख्स

Get real time updates directly on you device, subscribe now.