Mirzapur News: सपा ने तय की 2027 की रणनीति, जिलाध्यक्ष बोले- बूथ-बूथ तक पहुंचेगा पीडीए का संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के मिर्जापुर जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में रविवार को उत्साह और चुनावी रणनीति का संगम देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने महर्षि कश्यप और राजा निषादराज गुह्य की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई और साथ ही विधानसभा चुनाव 2027 में जीत हासिल करने के लिए कमर कस ली। बैठक में साफ कहा गया कि भाजपा की ‘भ्रष्ट’ सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का इंकलाब जरूरी है।
महापुरुषों के रास्ते पर चलकर मिलेगी सफलता
पार्टी जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। महर्षि कश्यप को ब्रह्मा जी के मानस पुत्रों में सबसे विद्वान बताते हुए उनके कृतित्व का अनुसरण करने की अपील की गई। ऋंगवेरपुर के राजा निषादराज को समाज सुधारक के रूप में याद किया गया, जिन्होंने अखंडता का संदेश दिया।

14 अप्रैल को ‘अम्बेडकर जयंती’ का बड़ा आयोजन
सपा ने आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती को उत्सव के रूप में मनाने की रूपरेखा तैयार की है।
जिलाध्यक्ष ने निर्देश दिया कि आंबेडकर जयंती केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहे, बल्कि जिले के हर सेक्टर और बूथ स्तर तक प्राथमिकता से मनाई जाए। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि संविधान, अधिकार और आरक्षण तभी सुरक्षित रहेंगे जब उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बनेगी।
बूथ मजबूती और 2027 की जिम्मेदारी
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों को दोहराते हुए हर बूथ को अभेद्य बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। जिलाध्यक्ष ने वरिष्ठ नेताओं और युवाओं को 2027 चुनाव के लिए विशेष जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा, “पीडीए हमारे मान-सम्मान का इंकलाब है। भाजपा की जनविरोधी सरकार का जाना तय है।”
ये दिग्गज रहे मौजूद
बैठक में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, मुन्नी यादव, रविंद्र बहादुर सिंह, आशीष यादव, दामोदर प्रसाद मौर्य, सुरेंद्र सिंह पटेल, जाकिर हुसैन (मीडिया प्रभारी), और भारी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: अशोक सिंह ‘मुन्ना’
Also Read: Shahjahanpur News: हाईवे पर कंटेनर का कहर, ग्राम प्रधान के बेटे समेत दो की दर्दनाक मौत

