लखनऊ में LDA का ‘बुलडोजर एक्शन’: गोमती नगर विस्तार में अवैध मैरिज लॉन ध्वस्त, गिराई गई अवैध इमारतें
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में अवैध कब्जों और बिना नक्शे के हो रहे निर्माणों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने गुरुवार को अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के कड़े रुख के बाद अर्जन और प्रवर्तन विभाग की संयुक्त टीम ने गोमती नगर विस्तार, सुशांत गोल्फ सिटी और सैरपुर समेत कई इलाकों में बुलडोजर चलाकर करोड़ों की सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
STP के लिए चिन्हित जमीन पर बना था अवैध मैरिज लॉन
गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 में ग्वारी पुल के नीचे वी.के. सिंह व अन्य द्वारा प्राधिकरण की 4000 वर्गमीटर अर्जित भूमि पर अवैध कब्जा कर मैरिज लॉन चलाया जा रहा था।
एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि जल निगम ने एसटीपी (STP) निर्माण के लिए भूमि मांगी थी। जांच के दौरान पता चला कि जिस जमीन पर प्लांट बनना है, वहां अवैध मैरिज लॉन फल-फूल रहा है। प्रभारी अधिकारी (अर्जन) विपिन कुमार शिवहरे के नेतृत्व में टीम ने 3 घंटे तक अभियान चलाकर पूरे निर्माण को जमींदोज कर दिया।
सुशांत गोल्फ सिटी: 4 बीघा में अवैध प्लाटिंग पर चला पंजा
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के नेतृत्व में सुशांत गोल्फ सिटी के सरसवां में बड़ी कार्रवाई हुई। वेद प्रकाश व अन्य द्वारा बिना ले-आउट स्वीकृत कराए लगभग 4 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। प्राधिकरण के दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण और सड़कों को ध्वस्त कर दिया।
सैरपुर में रो-हाउस ध्वस्त, हजरतगंज में इमारतें सील
एलडीए की कार्रवाई का दायरा शहर के अन्य हिस्सों तक भी पहुंचा। प्रशांत नगर कॉलोनी में प्रवीण महतो और रामेश्वर यादव द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए बनाए जा रहे 04 रो-हाउस भवनों को जोनल अधिकारी माधवेश कुमार की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया।
प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने वजीरगंज, हसनगंज, हजरतगंज और अमीनाबाद में सघन अभियान चलाया। इस दौरान बिना अनुमति बन रहे 03 व्यावसायिक और 01 आवासीय भवन को सील कर दिया गया।
Also Read: 500 सीसीटीवी और 20 मुकदमे, लखनऊ पुलिस ने कैसे बिछाया शातिर ‘चोर’ विपिन के लिए जाल?

