Lucknow News: ‘फर्म मालिक’ बनकर ट्रक ड्राइवर को ठगा, पुलिस ने 72 घंटे में 3 शातिर किए गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र में ट्रक ड्राइवरों को गुमराह कर लाखों का माल उड़ाने वाले एक अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। फर्जी फर्म मालिक और मुंशी बनकर ट्रक ड्राइवर को झांसे में लेने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को पुलिस और सर्विलांस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई 1180 बोरी पीओपी (सकरनी ब्रांड), दो मोटरसाइकिलें और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम

यह गिरोह सड़क किनारे खड़े वाहनों पर लिखे मोबाइल नंबरों को नोट कर ड्राइवरों को अपना शिकार बनाता था। राजस्थान से बाराबंकी माल लेकर जा रहे ट्रक ड्राइवर बलराज सिंह को अभियुक्तों ने फोन किया। एक ने खुद को फर्म का मालिक बताया और कहा कि माल बाराबंकी के बजाय गोसाईगंज में ही उतारना है। थोड़ी देर बाद दूसरे नंबर से फोन कर मुंशी बनने का नाटक किया गया। गोसाईगंज बस अड्डे के पास ड्राइवर को विश्वास में लेकर अभियुक्तों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और डाला लगाकर 1180 बोरी पीओपी उतरवा ली। ड्राइवर को फर्जी प्राप्ति रसीद थमा दी गई। माल को अभियुक्तों ने ग्राम कबीरपुर में एक किराए के कमरे में छिपा दिया।

72 घंटे के अंदर खुलासा, 200 कैमरों की हुई छानबीन

धोखाधड़ी का पता तब चला जब राजस्थान की कंपनी ने बाराबंकी की फर्म से संपर्क किया। ड्राइवर की तहरीर पर 14 अप्रैल को मुकदमा दर्ज होते ही प्रशिक्षु IPS सारिका चौधरी के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने लखनऊ-सुल्तानपुर नेशनल हाईवे पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। सर्विलांस टीम की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों को डेवलप किया गया। 17 अप्रैल की शाम को सर्विलांस और गोसाईगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नीचे बेली अंडरपास से तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया।

Lucknow News: 'फर्म मालिक' बनकर ट्रक ड्राइवर को ठगा, पुलिस ने 72 घंटे में 3 शातिर किए गिरफ्तार

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

गिरफ्तार तीनों आरोपी कुशीनगर जनपद के रहने वाले हैं।

तौफीक आलम (19 वर्ष) पुत्र रफीक, निवासी हरिहरपुर, कुशीनगर।

राजबाबू (20 वर्ष) पुत्र राजू बाबू, निवासी हरिहरपुर, कुशीनगर।

गुलाम गौस (21 वर्ष) पुत्र शमीम आलम, निवासी हरिहरपुर, कुशीनगर।

पुलिस टीम को सराहना

इस सफल अनावरण के लिए पुलिस कमिश्नर लखनऊ अमरेन्द्र कुमार सेंगर और डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने टीम की सराहना की है। टीम का नेतृत्व IPS सारिका चौधरी और प्रभारी निरीक्षक गोसाईगंज डी.के. सिंह ने किया।

Also Read: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR वाले आदेश से पलटा हाईकोर्ट, लगाई रोक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.