656 ऑनलाइन शिकायतें और दर्जनों FIR, करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले दो शातिर UP STF की गिरफ्त में

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) ने भारतीय नागरिकों को शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर और ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ ने शनिवार तड़के कानपुर के नौबस्ता क्षेत्र से गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

पंजाब से जुड़े हैं गिरोह के तार

पकड़े गए दोनों अभियुक्त पंजाब के रहने वाले हैं और काफी समय से वांछित चल रहे थे।

करन कसेरा: पुत्र अशोक कसेरा, निवासी अबोहर, जनपद फजिल्का, पंजाब।

गुलशन: पुत्र सुनील कुमार, निवासी अबोहर, जनपद फजिल्का, पंजाब।

ठगी का तरीका: विदेशी नंबर और फर्जी खाते

एसटीएफ की पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। यह गिरोह श्रीलंका और ब्रिटेन जैसे देशों के वर्चुअल नंबरों का इस्तेमाल कर टेलीग्राम और व्हाट्सऐप ग्रुप बनाता था। पहले लोगों को निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया जाता था। इसके बाद ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर उनसे पैसे वसूले जाते थे। ठगी की रकम को छिपाने के लिए गिरोह ‘म्यूल अकाउंट्स’ (दूसरों के नाम पर खुले फर्जी बैंक खाते) का इस्तेमाल करता था।

650 से अधिक ऑनलाइन शिकायतें दर्ज

छानबीन में सामने आया है कि इस गिरोह के खिलाफ अब तक 656 से अधिक ऑनलाइन शिकायतें पोर्टल पर दर्ज हैं। इनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, सहारनपुर, बाराबंकी, आगरा और मथुरा सहित विभिन्न जनपदों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

बरामदगी का ब्यौरा

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से ठगी के कई साक्ष्य बरामद हुए हैं।

कार्ड और चेक: 05 डेबिट/क्रेडिट कार्ड और 11 विभिन्न बैंकों के ब्लैंक चेक।

दस्तावेज: बैंक जमा पर्ची, ज्वेलर्स की पर्ची और लेन-देन के 55 स्क्रीनशॉट्स।

अन्य: 02 आईफोन और 8500 रुपये नकद।

एसटीएफ टीम की मुस्तैदी

पुलिस उपाधीक्षक (STF) शुधान्शु शेखर के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह और नितिन यादव की टीम ने इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया। विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के बाद टीम ने थाना नौबस्ता, कानपुर में दर्ज मुकदमे के आधार पर घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।

Also Read: Lucknow News: ‘फर्म मालिक’ बनकर ट्रक ड्राइवर को ठगा, पुलिस ने 72 घंटे में 3 शातिर किए गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.